आज से प्रियंका के मिशन यूपी का आगाज, राहुल-सिंधिया के साथ करेंगी रोड शो

,

   

कांग्रेस महासचिव बनने के बाद पहली बार लखनऊ आ रही प्रियंका गांधी सोमवार को यहां रोड शो करेंगी। उनके साथ पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिमी यूपी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी होंगे। रोड शो के दौरान जनता को संबोधित करेंगी।

कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने बताया कि रोड शो के दौरान कुछ जगह रुककर प्रियंका और उनके साथ राहुल समर्थकों को संबोधित करेंगे। प्रियंका और ज्योतिरादित्य 14 फरवरी तक लखनऊ में रुकेंगे। पहली बार  प्रियंका और ज्योतिरादित्य 14 फरवरी तक  लखनऊ में रुकेंगे।

पहली बार प्रियंका कांग्रेस नेता के रूप में उत्तर प्रदेश आ रही है। इसीलिए यूपी की सियासी नब्ज  समझने की भी कोशिश के तहत ही प्रियंका लखनऊ में चार दिन रुकेंगी। सिंधिया भी इन चार दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासी जमीन पर कांग्रेस की जड़ों की इस समय गहराई की नाप जोख करेंगे।

18 से अपने क्षेत्रों में जाएंगे

दोनों जिम्मेदारी के  हर लोकसभा क्षेत्र में 18 फरवरी से निकलेंगे। 30-35 दिन तक चलने वाले इस अभियान में वे रात्रि विश्राम भी वहीं करेंगे। इस अभियान के लिए प्रियंका और ज्योतिरादित्य, दोनों के लिए प्रदेश संगठन से बिल्कुल अलग एक टीम दी गई है।

इंदिरा के कमरे में बैठेंगे

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए एक ही रूम आवंटित किया गया है। इस रूम में कभी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी बैठी थीं। हालांकि, दफ्तर बनने के कुछ ही समय बाद उनकी हत्या हो गई थी, जिसके चलते उन्हें इस दफ्तर में आने का ज्यादा मौका नहीं मिला। उधर, प्रियंका-राहुल के स्वागत में पीसीसी दफ्तर को सजाया-संवारा गया है।

दफ्तर के साथ-साथ राजधानी की सड़कें भी उनके स्वागत होर्डिंग्स से पाट दी गई हैं। प्रदेश कांग्रेस का वर्तमान मुख्यालय 1979 में पार्टी ने खरीदा था। हाल ही में इस दफ्तर का नवीनीकरण कराया गया है। एक नए मीडिया हॉल का निर्माण करवाया गया है। इसका उद्घाटन सोमवार को राहुल गांधी कर सकते हैं। अगर सोमवार को रोड शो के देर तक चलने के कारण यह मुमकिन नहीं हो पाया तो मंगलवार को प्रियंका ही इसका उद्घाटन करेंगी।

हर लोकसभा क्षेत्र को एक घंटे का समय 

प्रियंका पूर्वी यूपी के 42 लोकसभा क्षेत्रों और ज्योतिरादित्य पश्चिमी यूपी के 38 लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मिलेंगी। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के लोगों को दोनों नेता 45 मिनट से 1 घंटे तक का समय देंगे।

सबसे पहले मोहनलाल गंज के लोगों से मिलेंगी प्रियंका

कांग्रेस की महासचिव व पूर्वी यूपी प्रभारी प्रियंका वाड्रा 12 व 13 फरवरी को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सुबह 10:30 बजे से शाम 8:30 बजे तक लोगों से मुलाकात करेंगी। 14 फरवरी की शाम 6 बजे तक यह कार्यक्रम चलेगा। उसके बाद वह दिल्ली रवाना हो जाएंगी। कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रियंका 12 फरवरी को सुबह 11 बजे मोहनलालगंज के कार्यकर्ताओं को सुनेंगी।

इसके बाद उन्नाव, गोरखपुर, वाराणसी, कौशांबी, फूलपुर, इलाहाबाद, चंदौली, गाजीपुर, धौरहरा, फतेहपुर और लखनऊ लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मिलेंगी। 13 फरवरी को बाराबंकी, फैजाबाद,  बहराइच, कैसरगंज, श्रावस्ती, बस्ती, संतकबीरनगर, महराजगंज, डुमरियागंज, कुशीनगर, देवरिया और गोंडा के नेताओं व कार्यकर्ताओं से बात करेंगी। 14 फरवरी को सीतापुर, घोसी, आजमगढ़, लालगंज, सलेमपुर, बलिया, जौनपुर, मछलीशहर, मिश्रिख, भदोही, अंबेडकरनगर, मिर्जापुर और राबर्ट्सगंज के लोगों से मुलाकात करेंगी।

प्रियंका से पहले पहुंचा उनका संदेश, कहा आओ मिलकर करें नई राजनीति की शुरुआत

प्रियंका के लखनऊ आने से पहले उनका एक ऑडियो यहां पहुंच गया। इसमें प्रियंका ने प्रदेश वासियों से मिलकर नई राजनीति की शुरुआत करने की भावुक अपील की है। ऑडियो में प्रियंका कहती हैं-‘नमस्कार! मैं प्रियंका गांधी वाड्रा बोल रही हूं। कल (सोमवार को) मैं आपसे मिलने लखनऊ आ रही हूं। मेरे दिल में आशा है हम एक नई राजनीति की शुरुआत करें। एक ऐसी राजनीति जिसमें आप सबकी भागीदारी हो। जिसमें मेरे युवा दोस्त, मेरी बहिनें और सबसे बढ़कर हर कमजोर व्यक्ति की आवाज सुनी जा सके। आइए! मेरे साथ मिलकर एक नई राजनीति और एक नए भविष्य के लिए काम करें।’