क्या दुनिया का सबसे बड़ा इस्लामिक देश भी आतंकवाद से है परेशान?

,

   

संसार का सबसे बड़ा द्वीप समूह वाला देश इंडोनेशिया दक्षिण पूर्व एशिया का देश है। दुनिया का सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाले इंडोनेशिया की एक भू-रणनीतिक और आर्थिक रूप में बड़ी अहमियत है। कठिन भौगोलिक वातावरण होने के बावजूद यह दुनिया से कभी अछूता नहीं रहा। भारत का भी इंडोनिशिया से ऐतिहासिक नाता रहा है।

ज़ी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, मुस्लिम बहुल देश होने के बावजूद यहां आज भी रामायण का गहरा प्रभाव है। यहां हिंदू और बौद्ध धर्म के मंदिर आज भी मौजूद हैं। इंडोनेशिया में न केवल भारतीय संस्कृति की झलक है बल्कि यहां की समस्याएं भी आज भारत के जैसी ही हैं।

भ्रष्टाचार, पक्षपात, प्राकृतिक चुनौतियां, इस्लामिक अलगाववाद जैसी मुसीबतों के बीच इंडोनेशिया ने खुद को एक बड़ी अर्थव्यवस्था में बदल दिया है।

हाल ही में इंडोनेशिया पिछले साल हुई हवाई दुर्घटना के कारण चर्चा में आया। 29 अक्टूबर 2018 को इंडोनेशिया में लॉयन एयर का बोइंग 737-मैक्‍स-8 विमान केवल कुछ ही मिनटों में उड़ान के ठीक बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

बिलकुल ऐसी ही दुर्घटना 10 मार्च को इथोपिया में घटी जब अदीस अबाबास से बोइंग 737-मैक्‍स-8 विमान ने उड़ान भरी और उसके कुछ ही मिनटों के बाद वह क्रैश हो गया। दोनों दुर्घटनाओं में काफी समानताएं थी। इसी वजह से माना जा रहा है कि दोनों के कारण भी समान ही होने चाहिए।

इंडोनेशिया में प्राकृतिक तेल के बड़े भंडार हैं लेकिन पिछले दस सालों में घरेलू मांग बढ़ने से कच्चा तेल आयात करना पड़ता है। हालांकि वह 2009 से पहले तक ओपेक (प्राकृतिक तेल निर्यात करने वाले देशों का समूह) का सदस्य भी रह चुका है।

इसके अलावा कपड़ा, चमड़ा, उत्खनन, सीमेंट, रासायनिक खाद, रबर, पर्यटन यहां के प्रमुख उद्योग हैं। वहीं चावल कसावा, मूंगफली, रबर, कॉफी, नारियल, आदि यहां के प्रमुख कृषि उत्पाद हैं। इंडोनेशियाई रुपैया यहां की मुद्रा है।