धर्म को बदनाम करने वाले लोग अधार्मिक हैं: नीतीश कुमार

, ,

   

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिना नाम लिए इशारों में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर निशाना साधा। कहा कि जो लोग दूसरे धर्म का सम्मान नहीं करते हैं, वे अधार्मिक होते हैं। ऐसे लोगों की धर्म में आस्था नहीं रहती है। धर्म को ये बदनाम करना चाहते हैं। ऐसे लोगों को मैं शुरू से जानता हूं। मीडिया में बने रहने के लिए ये कुछ भी बोलते हैं। ऐसे बयानों पर मैं प्रतिक्रिया नहीं देता हूं।

मुख्यमंत्री बुधवार को ईद के मौके पर सुबह गांधी मैदान पहुंचकर नमाजियों से गले मिले और उन्हें बधाई तथा शुभकामनाएं दी। इमाम इदैन हजरत मौलाना महसूद अहमद कादरी नदवी से मुलाकात कर उनसे मोसाफा किया और उन्हें ईद की मुबारकबाद पेश की। मौलाना महसूद ने भी मुख्यमंत्री को मुबारकबाद दी और बिहार के सुख, समृद्धि, शांति और विकास की कामना की। इससे पूर्व इदैन कमेटी सदर महबूब आलम ने मुख्यमंत्री को टोपी पहना कर और साफा पेश कर उनकी इज्जत अफजाई की।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि समाज में सद्भाव और प्रेम का माहौल बना रहे, इसकी हम सभी आज के मौके पर दुआ करते हैं। हमारे देश में सबलोग एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करते हैं। हम हर धर्म के आयोजनों पर शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में फिर सूखे की आशंका है। हमलोग दुआ करते हैं कि सूखे से निजात मिले। समय पर वर्षा हो। सूखे की नौबत आती है तो हमलोग सभी की सेवा कर सकें, यही कामना करते हैं।