न्यूजीलैंड की मस्जिदों में फायरिंग: गिरफ्तार चरमपंथियों में एक महिला भी शामिल!

, ,

   

न्यूजीलैंड में क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों में शुक्रवार को हुए हमलों में 49 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि इसे अब केवल आतंकवादी हमला ही करार दिया जा सकता है।

हम जितना जानते हैं, ऐसा लगता है कि यह पूर्व नियोजित था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘संदिग्ध वाहनों से जुड़े दो विस्फोटक उपकरण बरामद किए गए हैं और उन्हें निष्क्रिय कर दिया गया है।’’

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, इस हमले के संबंध में आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने बताया कि न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में शुक्रवार को गोलीबारी करने वाला बंदूकधारी एक दक्षिणपंथी चरमपंथी है जिसके पास आस्ट्रेलिया की नागरिकता है।

मॉरिसन ने कहा कि क्राइस्टचर्च में ‘‘एक चरमपंथी, दक्षिणपंथी, हिंसक आतंकवादी’’ ने गोलीबारी की। वह आस्ट्रेलिया में जन्मा नागरिक है। उन्होंने और जानकारी देने से इनकार कर दिया और कहा कि न्यूजीलैंड के प्राधिकारियों के नेतृत्व में जांच की जा रही है।

पुलिस आयुक्त माइक बुश ने कहा, ‘‘चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से तीन पुरूष हैं और एक महिला है।’’ उन्होंने कहा कि हमलावरों के वाहनों से जुड़े संदिग्ध आईईडी पाए गए हैं। सेना ने उन्हें निष्क्रिय कर दिया है।

इस बीच, पुलिस ने शहर के स्कूलों से लॉकडाउन हटा दिया है। स्कूलों में किसी के अंदर या बाहर जाने पर प्रतिबंध लग गया था। लॉकडाउन हटने के बाद घबराए हुए अभिभावक अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे। न्यूजीलैंड पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘पुलिस अब यह पुष्टि कर सकती है कि क्राइस्टचर्च में सभी स्कूलों पर लगा लॉकडाउन हटा दिया गया है।’