बुलंदशहर हिंसा: पुलिस को बड़ी कामयाबी, एक और बड़ी गिरफ्तारी!

   

बुलंदशहर के स्याना में हुई हिंसा के एक और मुख्य संदिग्ध को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्य शिखर अग्रवाल को गुरुवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुलंदशहर पुलिस ने हापुड़ जिले से अग्रवाल को गिरफ्तार किया। अग्रवाल से पूछताछ की जा रही है और उसे आज ही अदालत में पेश किया जाना है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बुलंदशहर शहर) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया, ‘उसे आज सुबह गिरफ्तार किया गया। हम उससे पूछताछ कर रहे हैं और दिन में उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।’ बुलंदशहर में तीन दिसंबर को हुई हिंसा में गोली लगने के कारण पुलिस अधिकारी सुबोध कुमार सिंह (44) शहीद हो गए थे।

इस हिंसा में एक आम नागरिक सुमित कुमार (20) की भी मौत हो गई थी। स्याना इलाके के चिंगरावठी क्षेत्र में कथित गोकशी को लेकर उग्र भीड़ की हिंसा को लेकर स्याना पुलिस थाने में 27 नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस ने 3 जनवरी को बजरंग दल के स्थानीय नेता योगेश राज को गिरफ्तार किया था। वह भी मामले का एक मुख्य संदिग्ध था। योगेश राज की एक शिकायत पर पुलिस ने गोहत्या को लेकर अलग से एक प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने बताया कि हिंसा के सिलसिले में अब तक 35 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

साभार- ‘इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम’