मकर संक्रांति पर लगे बुलंदशहर हिंसा के मुख्य आरोपी योगेश राज के बधाई पोस्टर

,

   

मेरठ: बुलंदशहर हिंसा के मुख्य आरोपी बजरंग दल के योगेश राज की तस्वीरों वाले होर्डिंग से समूचा जिला पटा पड़ा है। इन होर्डिंग में मकर संक्रांति और गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गई हैं। राज हिंदुत्व संगठन का एक नेता है और बुलंदशहर हिंसा मामले में उसकी कथित भूमिका के लिए उसे 3 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। भीड़ की इस हिंसा में एक पुलिस अधिकारी और एक आम नागरिक की मौत हो गई थी।

होर्डिंग में राज की बड़ी तस्वीर के साथ सतीश लोधी, आशीष चौहान, सत्येंद्र राजपूत और विशाल त्यागी की भी तस्वीरें हैं। इसमें विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से शुभकामनाएं दी गई हैं। बजरंग दल ने कहा कि ये होर्डिंग स्थानीय नेताओं ने अपने दम पर बिना किसी मदद के लगाई हैं।

संगठन के पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सह संयोजक प्रवीण भाटी ने कहा कि होर्डिंग में समूह के स्थानीय पदाधिकारियों की तस्वीरें भी हैं और चूंकि राज बुलंदशहर ईकाई के संयोजक हैं इसलिए इसमें उनकी तस्वीर भी हैं। भाटी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘ये लोग मामले में आरोपी हैं, दोषी नहीं। इसका फैसला अदालत करेगी। होर्डिंग पर संगठन के पदाधिकारियों की तस्वीरें लगाना कोई अपराध नहीं है।’

उन्होंने फिर दोहराया कि बजरंग दल मामले में अपने पदाधिकारियों के साथ खड़ा है और वह उन्हें हरसंभव तमाम कानूनी मदद मुहैया करा रहा है। गौरतलब है कि स्याना इलाके के एक गांव के बाहर जानवरों के अवशेष बिखरे मिले थे, जिसके बाद वहां 3 दिसंबर को हिंसा भड़क उठी थी। हिंसा में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और चिंगरावठी गांव के सुमित कुमार की मौत हो गई थी।

इस संबंध में स्याना पुलिस थाने में दो मामले दर्ज किए गए थे। हिंसा को लेकर पुलिस ने एक मामला दर्ज कराया और दूसरा मामला राज ने कथित गोकशी के लिए दर्ज कराया। मामले में अब तक 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।