लेबनान की राजधानी बेरूत में धमाके, 10 की मौत, कई घायल

,

   

लेबनान की राजधानी बेरूत में मंगलवार को दो भयानक धमाके हुए जिन्हें देखने वालों के होश उड़ गए। जोरदार धमाके के साथ पहले जैसे आसमान की ऊंचाई पर धुएं का गुबार फैल गया और फिर लाल धुआं दिखाई देने लगा। इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है और सैकड़ों को लोग घायल हो गए हैं। यह धमाका कैसे हुआ, इस बारे में जानकारी का इंतजार अभी किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें शहर की कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

बताया गया है कि ऐसे दो धमाके यहां हुए हैं जिनमें से एक पोर्ट इलाके में और एक शहर के अंदर हुआ है। ये धमाके इतने जोरदार थे कि लगभग पूरे शहर की इमारतों को नुकसान पहुंचा है। कांच टूट गए हैं और सैकड़ों लोग घायल हो गए हैं। लेबनान सिक्यॉरिटी और मेडिकल सर्विसेज के हवाले से रॉयटर्स ने यह जानकारी दी है कि कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है। शहर की गलियों में धुआं घुस गया है। करीब 15 मिनट के अंतराल पर एक के बाद एक दो धमाके होने से सुरक्षा पर सवाल भी खड़ा हो गया है।

 

 

सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे अलग-अलग वीडियो में दिखाई दे रहा है कि ये धमाके कितने भयानक थे। इनकी चपेट में आकर घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। पूरे शहर में कांच टूटा पड़ा दिख रहा है और लोग बदहवास घूम रहे हैं। फिलहाल किसी को इस बारे में जानकारी नहीं है कि आखिर ये धमाके हुए कैसे। रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस पोर्ट के पास एक धमाका हुआ, वहां वेयरहाउस भी हैं।