समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को यहां दावा किया कि भाजपा पूरे देश मे महज 74 सीटों पर सिमट जाएगी। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन को सबसे बेहतर बताया, लेकिन मायावती को प्रधानमंत्री बनाने के सवाल पर सीधा जवाब नहीं दिया।
अखिलेश ने कहा कि उन्होंने तय कर रखा है कि क्या करना है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यहां एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। उन्होंने आजमगढ़ से चुनाव लड़ने का संकेत भी दिया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ की जनता कहेगी तो वह वहां से लड़ेंगे।
इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, अखिलेश ने कहा, “प्रदेश की जनता चाहती है कि वर्तमान सरकार यहां से जाए। देश का प्रधानमंत्री नया बने और उत्तर प्रदेश से बने यह सबसे अच्छा होगा।” उन्होंने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा, “हमारा तो एक-दो दलों का गठबंधन है।
भाजपा बताए कि देशभर में उनका कितनी पार्टियों के साथ गठबंधन है। अगर हमारा महामिलावट का गठबंधन है तो उनका कौन-सा है? इसके लिए डिक्शनरी देखनी पड़ेगी? भाजपा सत्ता पाने के लिए हर झूठ बोलने के लिए तैयार है। लेकिन इस बार वह पूरे देश में 74 सीटों पर सिमट जाएगी।”