जब भगवान चाहेंगे राम मंदिर तब बनेगा: वी. के. सिंह

   

गाजियाबाद: केंद्रीय मंत्री और गाजियाबाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार वी. के. सिंह ने कहा कि अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर तब बनेगा जब भगवान स्वयं चाहेंगे।

सिंह ने यहां वोट डालने के बाद संवाददाताओं से कहा, “रामलला जब बाबरी मस्जिद में प्रकट हुए थे, तब उन्होंने फैसला किया था। उनका मंदिर तब बनेगा जब वह मंदिर बनाने की इच्छा रखेंगे।”

भाजपा ने अपने लोकसभा चुनाव घोषणा पत्र में अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण की प्रतिबद्धता दोहराई है।

सिंह ने कहा कि लोग पिछले पांच वर्षों में मोदी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर पार्टी का समर्थन करेंगे।

समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी ‘महागठबंधन’ पर कटाक्ष करते हुए, विदेश राज्य मंत्री ने कहा: “उन लोगों के बारे में क्या कहना है, जिनकी विपरीत विचारधाराएं हैं और वे एक बार दुश्मन थे। असहायता के कारण वे एक साथ आए हैं।”