दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (DPCC) के अध्यक्ष अजय माकन भले ही अपना इस्तीफा दे चुके हों, लेकिन नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पार्टी आलाकमान अभी विचार कर रहा है।
एक ओर पार्टी नए अध्यक्ष के नाम पर सर्वसम्मति बनाना चाह रही है तो दूसरी ओर कोई एक ऐसा नाम भी तलाश रही है जो आगामी लोकसभा चुनाव 2019 और दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में पार्टी के ग्राफ को और ऊपर लेकर जाए। यही वजह है कि पार्टी अालाकमान दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नया नाम तय करने से पहले पूरी तरह विचार कर लेना चाह रहा है।
इस बीच दिल्ली कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि संभव है कि प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित आगामी लोकसभा चुनाव और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए यह पद दिया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर ऊपर-ऊपर तो 4-5 नाम ही चल रहे हैं, मगर दावेदारी 15 से 20 वरिष्ठ नेता ठोक चुके हैं। इनमें कई पूर्व अध्यक्ष, सांसद, मंंत्री और विधायक शामिल हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) में सचिव पद की जिम्मेदारी संभाल रहे कई नेता भी इस दौड़ में शामिल हैं। यह अलग बात है कि अध्यक्ष पद के लिए जितने अधिक नाम हैं, उतना ही उन्हें लेकर विरोधाभास भी है। आपस में ही एक दूसरे की काट करने का दौर भी जोरों पर चल रहा है।
साभार- ‘जागरण डॉट कॉम’