गांधीनगर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विजय रूपाणी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गुजरात तो पहुंचे लेकिन कार्यक्रम से पहले ही वापस लौट गए। इससे मध्य प्रदेश में शीर्ष नेतृत्व में बड़े फेरबदल की अटकलों को एक बार फिर से हवा मिल गई है।
अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा ये भी है कि शपथ ग्रहण समारोह से पहले ऐसा कुछ हुआ, जिससे नाराज होकर शिवराज मध्य प्रदेश लौट गए।
शिवराज सिंह मंगलवार को शपथ ग्रहण में शामिल होने राजकीय विमान से गुजरात पहुंचे थे। शिवराज कार्यक्रम स्थल भी गए और वहां विजय रूपाणी से मुलाकात कर उन्हें गुलदस्ता भेंट किया लेकिन वो शपथ ग्रहण तक नहीं रुके और मध्य प्रदेश लौट गए। शिवारज यहां से सीधे मध्य प्रदेश के गुना पहुंचे।
जब यहां पत्रकारों ने उनसे शपथ ग्रहण में शामिल न होने पर सवाल किया तो उन्होंने कहा, ‘मेरे 2 महत्वपूर्ण कार्यक्रम थे। एक कोलारस और दूसरा मुंगावली में था, इसलिए मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से अनुमति लेकर वापस लौट आया।’