श्रीलंका ब्लास्ट: 9 विदेशी सहित अब तक 140 लोगों की मौत!

   

ईस्टर संडे के मौके पर श्रीलंका सिलसिलेवार बम धमाकों से दहल गया। यह बम धमाके तीन चर्च और तीन पांच सितारा होटल में हुए हैं। यह बात एक पुलिस प्रवक्ता ने बताई।

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, एक विस्फोट राजधानी कोलंबों के कोचचिकड़े में स्थित सेंट एंथोनी चर्च में हुआ। बताया जा रहा है कि धमाके श्रीलंका समयानुसार सुबह 8.45 पर हुए हैं। वहीं दूसरा धमाका नेगोंबो के कटुवापिटीया चर्च में हुआ। तीसरा धमाका बट्टीकलाओ चर्च में हुआ है।

इसके अलावा राजधानी कोलंबो के पांच सितारा होटल शंगरी-ला होटल, सिन्नमन ग्रांड और किंग्सबरी में भी धमाके हुए हैं। इन विस्फोटों में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है जबकि 200 से ज्यादा घायल हैं। धमाकों में मरने वालों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार मरने वालों की संख्या बढ़कर 140 हो गई है। नौ विदेशी नागरिकों के भी मारे जाने की खबर है। वहीं 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। कोलंबो नेशनल अस्पताल के अधिकारी ने कहा, ‘घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की संख्या बढ़ने की संभावना है।’

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बम धमाकों के बाद ट्विटर पर लिखा, ‘मैं कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायुक्त के साथ लगातार संपर्क में हूं। हम परिस्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।’

शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार ईस्टर के मौके पर चर्च जाने वाले लोगों को इन धमाकों में निशाना बनाया गया है। अभी तक श्रीलंका सरकार ने इसे लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है।