अखिलेश, मायावती और मेरा मकसद बीजेपी को हराने का ही है- राहुल गांधी

,

   

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि समाजवादी पार्टी(सपा)-बहुजन समाज पार्टी(बसपा) और कांग्रेस का लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर करने का है और इस नेक काज को सभी बखूबी से अंजाम दे रहे हैं।

दो दिवसीय दौरे पर गांधी ने कहा ‘‘ बसपा अध्यक्ष मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश का मैं आदर करता हूं, उन्होंने अपना गठबंधन बनाया और हम तीनों का लक्ष्य भाजपा को हराने का है।

राहुल ने कहा कि दोनों दलों के साथ हमारी कोई दुश्मनी नहीं है। हमें कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के लिए लड़ना है। हम उत्तर प्रदेश में पूरे दम से लड़ेंगे। यदि सपा-बसपा बातचीत कराना चाहते हैं तो उनके लिये दरवाजे हमेशा खुले है।

पंजाब केसरी पर छपी खबर के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं के सपनो को प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया पूरा करेंगे। प्रियंका की एंट्री से कांग्रेस की विचारधारा उत्तर प्रदेश में आएगी। प्रियंका एक कर्मठ और काबिल नेतृत्व देने में सफल होंगी। गांधी ने कहा ‘‘मुझे खुशी है कि वह अब मेरे साथ काम करेंगी।

देश की बदहाली के लिए वर्तमान और पूर्ववर्ती सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि इन्होंने उत्तर प्रदेश को बहुत पीछे ढकेल दिया है। प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया अब यहां के लिए काम करेंगे और प्रदेश को आगे ले जायेंगे।

उन्होंने कहा ‘‘मैंने प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी है। इस कदम से प्रदेश में एक नई और सकारात्मक सोच आएगी।’’ श्री गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विचारधारा की लड़ाई लड़ रही है। पार्टी बैकफुट पर कहीं नहीं खेलेगी। कांग्रेस पार्टी फ्रंट फुट पर खेलेती है।