अखिलेश यादव का बड़ा एलान- 2022 का यूपी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी समाजवादी पार्टी

   

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बसपा से गठबंधन टूटने के बाद पहला बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश में होने वाला विधानसभा चुनाव सपा अपने दम पर अकेले लड़ेगी। किसी भी अन्य दल से चुनाव गठबंधन नहीं होगा।

अखिलेश ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय पर एकत्र जिलों के प्रमुख कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अपने काम और जनता के लिए किए जा रहे संघर्ष के बल पर चुनाव मैदान में उतरेगी और जनादेश प्राप्त कर अगली सरकार बनाएगी। भाजपा को जनता वर्ष 2022 में सत्ता से बेदखल करने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थ-व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो गई है। बाजार में मंदी है और हर रोज नौजवान रोटी-रोजगार से वंचित किए जा रहे हैं। रुपये की साख गिरती जा रही है। प्रदेश में कर्ज लेकर सरकार अपने झूठे प्रचार का ढोल पीट रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के चलते विकास की दौड़ में उत्तर प्रदेश पिछड़ता जा रहा है। नौजवान को नौकरी मिल नहीं रही और तमाम औद्योगिक संस्थानों से उनकी छंटनी हो रही है। भाजपा प्रदेश में आतंकवाद का माहौल बनाकर राज कर रही है।