अनुराग ठाकुर के बयान पर बोले दिग्विजय सिंह- आप क्रोनोलॉजी समझिए

   

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान को लेकर केंद्र पर निशाना साधा है। उन्होंन कहा कि- ‘गृह मंत्री अमित शाह ने हमें एक क्रोनोलॉजी दी कि- पहले नागरिकता संशोधन अधिनियम लाया जाएगा, फिर एनपीआर (राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर) और बाद में एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) पेश किया जाएगा। एक और क्रोनोलॉजी का अब हमें पता लग रहा है। एक केंद्रीय मंत्री का कहता है कि ‘गोली मारो’ और फिर उनका एक आदमी आता है और गोलियां चलाता है, पुलिस खड़ी रहती है। क्या आपने इस क्रोनोलॉजी को समझा? यह एक गंभीर बयान था लेकिन चुनाव आयोग ने उसे कोई सजा नहीं दी। क्या आपने इस क्रोनोलॉजी को समझा?’ सिंह ने इंदौर में भाषण के दौरान ये बातें कहीं।

बता दें कि बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर की रैली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में विवादित नारे लगते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में अनुराग ठाकुर मंच से नारे बोलते हुए सुनाई दे रहे हैं कि ‘देश के गद्दारों को…। इसके बाद मंच के नीचे मौजूद लोग ‘गोली मारो…’ बोलते हैं।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की रैली के इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस ने भी निशाना साधा। साथ ही चुनाव आयोग ने मंगलवार को उन्हें नोटिस जारी किया। चुनाव आयोग ने इस पर अनुराग ठाकुर से सफाई मांगी। वहीं ठाकुर के इस बयान के बाद जामिया इलाके में प्रोटेस्ट के बीच फायरिंग हुई। इसे अनुराग ठाकुर के बयान से प्रेरित बताया जाने लगा।