अफगान शांति वार्ता पर चर्चा के लिए अमेरिका के विशेष दूत करेंगे भारत की यात्रा

,

   

अफगानिस्तान में अमेरिका के विशेष दूत जलमय खलीलजाद भारत यात्रा पर आएंगे। इस दौरान वह काबुल और क्षेत्र में स्थायी शांति में भारत की महत्वूर्ण भूमिका को लेकर चर्चा करेंगे। इस बात की जानकारी बुधवार को अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दी।

मंत्रालय ने कहा, ‘नई दिल्ली में दूत खलीलजाद भारतीय अधिकारियों के साथ बात करेंगे ताकि अफगानिस्तान और क्षेत्र में स्थायी शांति में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की जा सके।’ पिछले महीने खलीलजाद ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बात की थी और युद्धग्रस्त अफगानिस्तान में स्थायी शांति के लिए क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में भारत की भागीदारी का स्वागत किया था।

विदेश मंत्रालय का कहना है कि खलीलजाद मंगलवार को रवाना हो गए हैं और वह पहले कतर की राजधानी दोहा जाएंगे। जहां फरवरी में दोनों पक्षों के बीच अमेरिकी-तालिबान समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे, इसके कार्यानवयन पर जोर दे सकें। अपनी यात्रा के दौरान अमेरिकी दूत पाकिस्तान की भी यात्रा करेंगे। खलीलजाद इस्लामाबाद में पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और अफगान शांति प्रक्रिया पर भी चर्चा करेंगे।