अमित शाह को पश्चिम बंगाल में हेलिकॉप्टर लैंडिंग की नहीं मिली इजाजत!

,

   

पश्चिम बंगाल के जाधवपुर में सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एक रैली को संबोधित करने के लिए आने वाले हैं। मगर उन्हें रैली करने की और उनके हेलिकॉप्टर को लैंड करने की इजाजत नहीं मिली है। भाजपा सूत्रों के अनुसार यह रैली साढ़े बारह बजे होनी थी। माना जा रहा है कि उन्हें यह रैली स्थगित करनी पड़ सकती है।

यह पहली बार नहीं है जब पश्चिम बंगाल में भाजपा के नेताओं को रैली करने और हेलिकॉप्टर लैंड करने की इजाजत नही मिली है। इससे पहले 21 जनवरी को शाह के हेलिकॉप्टर को लैंड करने की मंजूरी नहीं मिली थी। जिसके बाद उन्हें उस दिन की रैली को स्थगित करना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने 22 जनवरी को माल्दा में रैली की थी।

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, अमित शाह को मालदा के एडिश्नल डीएम ने हेलिकॉप्टर लैंडिंग की इजाजत नहीं दी थी। उनकी तरफ से आए खत में कहा गया था, ‘मालदा एयरपोर्ट पर अपग्रेडेशन का काम चल रहा है। चारों और मिट्टी और बाकी सामान पड़ा है। हेलिकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट उपयुक्त नहीं है। इजाजत मिलना मुमकिन नहीं है।’

शाह के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तीन फरवरी को रैली की इजाजत नहीं दी गई थी। जिसके बाद उन्होंने दूसरा रास्ता निकालते हुए मोबाइल फोन से रैली को संबोधित किया था। उन्होंने कहा था कि बंगाल में जनविरोधी तृणमूल कांग्रेस सरकार के दिन गिने-चुने रह गए हैं। उन्होंने मुझे रैली में शामिल नहीं होने दिया लेकिन वे मेरी आवाज नहीं दबा सकते।

भाजपा के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के हेलिकॉप्टर को उतरने की अनुमति नहीं दी थी। 14 अप्रैल को राहुल गांधी की सिलीगुड़ी में रैली होने वाली थी। लेकिन स्थानीय प्रशासन ने उनके हेलिकॉप्टर को उतरने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसकी वजह ममता के ऊपर राहुल के एक बयान को लेकर किए पलटवार को माना गया था।