आईपीएल- राजस्थान ने मुंबई को 8 विकेट से हराया

,

   

बेन स्टोक्स के 60 गेंद में नाबाद 107 रन और संजू सैमसन के साथ तीसरे विकेट के लिए 152 रन की अटूट साझेदारी की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के अहम मैच में रविवार को मुंबई इंडियंस को आठ विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदें कायम रखीं। रॉयल्स की जीत के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स प्लेआफ की दौड़ से बाहर हो गई है। जीत के लिए 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल्स ने 18.2 ओवर में दो विकेट पर 196 रन बनाए।

स्टोक्स ने 2017 के बाद टूर्नामेंट में अपना पहला शतक जड़ते हुए 60 गेंद में नाबाद 107 रन बनाए जिसमें 14 चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं सैमसन ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए 31 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों के साथ 54 रन की पारी खेली। आखिरी दो ओवर में रॉयल्स को 10 रन की जरूरत थी लेकिन स्टोक्स ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर पैटिंसन को छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया। इसके बाद अगली गेंद पर चौका जड़कर टीम को जीत तक पहुंचाया।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी टीम की यह सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के बाद रॉयल्स 12 मैचों में 10 प्वॉइंट्स लेकर छठे स्थान पर पहुंच गई जबकि मुंबई 11 मैचों में 14 प्वॉइंट्स के साथ टॉप पर है। मुंबई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए बस एक जीत की जरूरत है जबकि रॉयल्स को न सिर्फ अपने दोनों मैच जीतने होंगे बल्कि बाकी मैचों में अनुकूल परिणाम की दुआ करनी होगी।