आर्थिक सुस्ती के बीच कोल इंडिया 9,000 वेकेन्सी की तैयारी में

,

   

नई दिल्ली : आर्थिक सुस्ती के बीच कोल इंडिया से बड़ी राहत भरी खबर आ रही है। कोल इंडिया कुल 9,000 हजार लोगों की भर्ती की योजना बना रही है। उन 9,000 में से 4,000 लोग एग्जिक्युटिव काडर में होंगे। एक दशक में कोल इंडिया की यह सबसे बड़ी भर्ती मुहिम होगी। एग्जिक्युटिव की भर्ती इसकी होल्डिंग कंपनी द्वारा की जाती है जबकि वर्कर्स और तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती इसकी आठ सबसिडियरी कंपनियां करती हैं।

कोल इंडिया के एक सीनियर एग्जिक्युटिव ने बताया, ‘कई सालों से पद खाली हैं। उनके लिए कोल इंडिया एक साल में ही इतनी भर्ती करने जा रहा है, जितनी अब तक एक दशक में हुई है। पिछले साल सिर्फ 1200 लोगों की भर्ती हुई थी।’

‘4000 एग्जिक्युटिव में से 900 की भर्ती जूनियर कैटिगरी में विज्ञापन और इंटरव्यू के आधार पर होगी। 400 की भर्ती कैंपसों से होगी और 100 अन्य जैसे मेडिकल अफसर के पद पर भर्ती होगी। एग्जिक्युटिव ने कहा हम पहले ही करीब 400 एग्जिक्युटिव की भर्ती कर चुके हैं और जिनमें से ज्यादातर डॉक्टर हैं। कंपनी करीब 2,200 अतिरिक्त एग्जिक्युटिव की भर्ती प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से करेगी।’

इसकी कोयला उत्पादन करने वाली सात सबसिडीयरी कंपनियां 5000 कामगारों और तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती करेगी। 2,300 ऐसे लोगों की भर्ती की जाएगी जिनकी जमीन परियोजनाओं के लिए ली गई थी। जो स्टाफ रिटायरमेंट से पहले गुजर गए हैं, उनके परिवार से 2,350 लोगों की भर्ती की जाएगी। करीब 4000 को गैर तकनीकी पदों पर भर्ती किया जाएगा।