इतिहास बदलने वाले हैं, मायावती और मुलायम सिंह एक मंच पर होंगे!

,

   

2019 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जंग बहुत ही रोमांचक होने वाली है। 1995 के बाद पहली दफा मायावती और मुलायम सिंह यादव एक साथ एक मंच पर दिखाई देंगे।

जानकारी के अनुसार, मैनपुरी में 19 अप्रैल को गठबंधन की संयुक्त रैली में काफी समय के बाद मुलायम और मायावती एक साथ मंच पर उपस्थित रहेंगे। इस दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी उपस्थित रहेंगे।

न्यूज़ ट्रैक पर छपी खबर के अनुसार, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव 7 अप्रैल को देवबंद में सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की पहली संयुक्त रैली के बाद ही राज्य में लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए निकलेंगे।

देवबंद में होने वाली संयुक्त रैली में सहारनपुर, कैराना, बिजनौर और मुजफ्फरनगर के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव मैनपुरी में एक अप्रैल को अपना नामांकन भरेंगे। जानकारी के अनुसार, 11 से 2 बजे के मध्य ‘नेताजी’ नामांकन भरेंगे।

मुलायम सिंह यादव के नामांकन में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित पूरा यादव परिवार उपस्थित रहेगा। आपको बता दें कि मुलायम सिंह 1996, 2004, 2009 और 2014 में मैनपुरी से सांसद निर्वाचित हो चुके हैं।

वर्ष 2014 में वे मैनपुरी के साथ ही आजमगढ़ लोकसभा सीट से भी चुनाव जीते थे। लेकिन इसके बाद में उन्होंने मैनपुरी लोकसभा सीट छोड़ दी थी।