ईरान को रोके दुनिया, वरना तेल की कीमतें आसमान पर होंगी – क्राउन प्रिंस सलमान

,

   

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने कहा कि अगर दुनिया ईरान को रोकने के लिए साथ नहीं आई, तो तेल के दाम अकल्पनीय रूप से बढ़ेंगे।

अमेरिकी चैनल सीबीएस को दिए साक्षात्कार में क्राउन प्रिंस ने कहा कि अगर दुनिया ईरान को रोकने के लिए एक मजबूत और दृढ़ कार्रवाई नहीं करती है, तो हम आगे बढ़ेंगे, जिससे दुनिया के हितों को खतरा होगा। उन्होंने कहा कि ईरान की वजह से तेल की सप्लाई बाधित होगी और तेल के दाम इतने ऊपर पहुंच जाएंगे, जितने हमने अपने पूरे जीवन में नहीं देखे होंगे।

प्रिंस बोले, ट्रंप को ईरान से बात करनी चाहिए : 
साक्षात्कार में सलमान ने कहा ने कहा कि सऊदी अरब के तेल संयंत्रों पर हमला ईरान की तरफ से युद्ध की शुरुआत थी। इसके बावजूद वह ईरान के साथ विवाद का सैन्य नहीं बल्कि राजनीतिक हल चाहते हैं। इसकी वजह युद्ध से पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ेगा।

सलमान ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी से मिलकर नई परमाणु संधि के बारे में बात करनी चाहिए ताकि ईरान के प्रभाव को मध्यपूर्व में सीमित किया जा सके।
क्या है मामला :- 
प्रिंस ने कहा कि पूरी दुनिया को ईरान के खिलाफ कार्रवाई में शामिल होना होगा, वरना इससे सभी के हितों को नुकसान पहुंचेगा। इसी महीने की शुरुआत में सऊदी की तेल कंपनी अरामको की दो रिफाइनरियों पर ड्रोन और मिसाइल से हमले हुए थे। इसकी जिम्मेदारी यमन के हौती विद्रोहियों ने ली थी, लेकिन अमेरिका और सऊदी अरब दोनों ने इसके लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया। प्रिंस ने पहली बार इस मुद्दे पर कोई बयान दिया है।

ईरान ने हमलों में हाथ होने से नकारा :-
सऊदी ने तेल संयंत्रों पर हमलों के पीछे ईरान का हाथ बताने के लिए हथियारों की एक प्रदर्शनी भी रखी थी। इसमें दावा किया गया था कि इतने आधुनिक हथियार हौती विद्रोही चला ही नहीं सकते। हालांकि, ईरान लगातार हमले में हाथ होने से इनकार करता रहा है।

दावा, 500 सऊदी सैनिकों को मार दिया : 
यमन के हौती विद्रोहियों ने दावा किया कि उन्होंने एक बड़े हमले को अंजाम देते हुए सऊदी अरब के 500 सैनिकों को मार डाला और 2000 से अधिक सैनिकों को बंदी बना लिया। साथ ही कहा कि सऊदी की सेना के तीन ब्रिगेड ने सरेंडर भी किया है, जिनमें हजारों सैनिक शामिल हैं। 350 किलोमीटर का इलाका सऊदी नियंत्रण से मुक्त भी कराया। अपने दावे को साबित करने के लिए विद्रोहियों ने एक वीडियो भी जारी किया। हालांकि, हौती विद्रोहियों के इस दावे पर अभी तक सऊदी अरब की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।