एक परिवार की तरह दिवाली मनाएगी पूरी दिल्ली: केजरीवाल

,

   

पड़ोसी राज्यों में जलाई जा रही पराली से हो रहे प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने दीवाली पर पहली बार चार दिन का लेजर शो आयोजित करने का निर्णय लिया है। मेगा लेजर शो का आयोजन कनॉट प्लेस पर 26-29 अक्टूबर तक होगा।

मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से अपील किए हैं कि छोटी दीवाली के दिन पूजा करने के बाद मेगा लेजर शो का आनंद लें। सामूहिक रूप से दीवाली मनाने से त्योहार का आनंद भी बढ़ेगा और प्रदूषण भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में पड़ोसी राज्यों से पराली का धुआं आ रहा है, इसलिए शहर को आंतरिक प्रदूषण को कम रखने के लिए हर संभव कोशिश करनी होगी। इसमें जनता का सहयोग आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर भी जानकारी दी, इस बार हम सारी दिल्ली के लोग एक बड़े परिवार की तरह मिलकर एक साथ CP में प्रदूषणरहित दिवाली मनाएँगे। आपके लिए भव्य लेज़र शो का इंतज़ाम किया है। 26-29 अक्तूबर हर शाम 6-10 बजे के बीच कभी भी आ सकते हैं। एंट्री फ़्री। आप अपने परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ ज़रूर आयें।

एंट्री के लिए पास की जरूरत नहीं, दिवाली सब का त्यौहार: CM

मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि लेजर शो का आयोजन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक होगा। इसके लिए किसी तरह के पास या टिकट की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर भी जानकारी दी दिल्ली की पहली सामूहिक दीवाली सभी दिल्लीवालों के लिए हैं। दीवाली हम सबका त्यौहार है, किसीको भी किसी तरह के पास की जरूरत नहीं होगी

मैं अपने परिवार के साथ आऊंगा, और हमारा परिवार इस साल पटाख़े नहीं जलाएगा: CM

शो के तहत पूरे सीपी को लेजर शो व लाइट से सजाया जाएगा। फिर एक एक घंटे का लेजर शो आयोजित होगा। यह लगातार चलता रहेगा। लेजर शो हर घंटे का अलग होगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम चलेंगे। फ़ूड कोट में लोग बेहतर व लजीज खाने का आनंद ले सकते हैं। बाजार को भी आयोजन किया गया है। पूरी दिल्ली को आमंत्रित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, मैं अपने परिवार के साथ आऊंगा, और हमारा परिवार इस साल पटाख़े नहीं जलाएगा।

अगले साल से कई जगह होगा आयोजन

मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि इस साल एक जगह ही लेजर शो का आयोजन हो रहा है। इसके बेहतर परिणाम आने के बाद अगले साल से दिल्ली में कई अन्य जगहों पर भी आयोजन होगा। सीएम ने बताया कि लेजर शो का उद्घाटन उप राज्यपाल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री व अन्य लोग मौजूद रहेंगे।

सीपी में व्यापार बढ़ेगा

सीएम ने कहा कि लेजर शो का आनंद लेने पूरी दिल्ली सीपी आ रही है। इस कारण उस दौरान सीपी में व्यापार भी बढ़ जाएगा। वहां के व्यापारियों को इसका बेहद फायदा मिलेगा।

निजी वाहन पर रहेगा प्रतिबंध

उप मुख्यमंत्री श्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि लेजर शो के लिए सीपी पर वाहनों का प्रतिबंध रहेगा। लोग मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए शिवाजी पार्क व अन्य जगह पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। यहां से लोगों को ले जाने के लिए सरकार की तरफ से आंतरिक परिवहन की व्यवस्था की गई है।

– प्रदूषण मुक्त दीवाली मनाने की हमारी योजना है। जिससे दिल्ली की हवा को साफ रखा जा सके। मेरी दिल्ली के सभी लोगों से अपील है. ज्यादा से ज्यादा संख्या में आकर लेजर शो का आनंद लें। इससे दीपावली व उसके बाद होने वाले प्रदूषण पर बेहद लगाम लग जाएगा। लेजर शो के लिए मैं दिल्ली के सभी लोगों को आमंत्रित करता हूं। आइए मिलकर प्रदूषण रहित दीवाली मनाए। पूरी दिल्ली परिवार की तरह सीपी आए और साथ में दीवाली मनाए – अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री दिल्ली

– दीवाली पर जलाने वाले पटाखों से प्रदूषण होता है। हर साल दीवाली के बाद खबर आती है कि इतने का पटाखा जला। इतना प्रदूषण बढ़ गया। अब ऐसा न हो इसके लिए लेजर शो का आनंद लें। मैं पिछली बार सिग्नेचर ब्रिज गया था। मैंने देखा लोग दीवाली पर पूजा कर वहां आए थें। इस बार सीपी आएं और साथ में दीवाली मनाए। जो मजा पटाखा जलाकर दीवाली मनाने में आएगा, उससे ज्यादा मजा लेजर शो में आकर लिया जा सकता है। – मनीष सिसोदिया, उप मुख्यमंत्री दिल्ली