कांग्रेस में शामिल हुईं अलका लांबा, AAP से दिया था इस्तीफा!

,

   

कांग्रेस में शामिल हुईं आप की पूर्व विधायक अलका लांबा
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने के एक महीने के बाद चांदनी चौक की पूर्व विधायक अलका लांबा शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गईं।

इस दौरान कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश प्रभारी पी.सी. चाको मौजूद थे। अलका ने अपने समर्थकों के साथ चाको से मुलाकात कर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ली।

लांबा ने ट्वीट करके बताया कि उन्हें पांच रुपए की रसीद प्राप्त हो गई है और वह कांग्रेस की आधिकारिक सदस्य बन गई हैं। लांबा ने गुरुवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष से मुलाकात की थी।

लांबा ने छह सितंबर को आप से इस्तीफा देते हुए घोषणा की थी कि वह सोनिया गांधी के आवास पर उनकी उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल होंगी।

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष लांबा आप में शामिल होने से पहले कांग्रेस में 20 साल रह चुकी थीं। आप में शामिल होने के बाद 2015 विधानसभा चुनाव में चांदनी चौक से वह विधायक चुनी गईं।

लांबा को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने दलबदल के आधार पर 19 सितंबर को अयोग्य घोषित कर दिया था। वह शुक्रवार को ही पार्टी में शामिल होने वाली थीं, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि वह शनिवार को शामिल होंगी।