नई दिल्ली, 10 अप्रैल। महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र सरकार पर कोरोना वैक्सीन की सप्लाई कम करने का आरोप लगाया तो केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने इसे खारिज किया है। महाराष्ट्र के राज्यसभा सांसद और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष आठवले ने कहा है कि मोदी सरकार महाराष्ट्र के हालात पर पूरी नजर बनाए हुए है, वैक्सीन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से भी बात की। जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि महाराष्ट्र में कोरोना वैक्सीन की कोई कमी नहीं होगी। महाराष्ट्र सरकार की गलत नीतियों और सही मैनेजमेंट न होने के कारण राज्य में 5 लाख वैक्सीन का सही इस्तेमाल नहीं हो पाया है। जिसका खामियाजा महाराष्ट्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने रामदास आठवले को बताया कि महाराष्ट्र में अभी भी 23 लाख कोरोना वैक्सीन का स्टॉक बाकी है। महाराष्ट्र सरकार को उनका सही तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए। तब तक केन्द्र सरकार महाराष्ट्र को वैक्सीन का बाकी स्टॉक भी जल्द भेज देगी। आठवले ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी के मुद्दे पर महाराष्ट्र सरकार को राजनीति नहीं करनी चाहिए, बल्कि सही प्रबंधन करके जनता तक वैक्सीन की सप्लाई करनी चाहिए।
Disclaimer: This story is auto-generated from IANS service.