केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने दिया विवादित बयान, प्रियंका गांधी को कहा; ‘पप्पू की पप्पी’!

,

   

भाजपा सांसद और केंद्रीय पयर्टन एवं संस्कृति राज्य मंत्री महेश शर्मा ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को लेकर एक विवादित बयान दिया है। सोमवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शर्मा ने उन्हें ‘पप्पू की पप्पी’ बताया।

मंत्री ने कहा है, ‘पप्पू (राहुल गांधी) का कहना है कि वे प्रधानमंत्री बनेंगे। इसके लिए पप्पू की पप्पी (प्रियंका गांधी) भी अब राजनीति में आ गई हैं।’ इसके साथ ही महेश शर्मा ने कहा, ‘मैं पूछना चाहता हूं कि प्रियंका गांधी क्या नया लेकर आई हैं। क्या पहले वे देश की बेटी नहीं थीं। क्या वे पहले कांग्रेस की बेटी नहीं थीं। क्या भविष्य में वे सोनिया गांधी की बेटी नहीं रहेंगी।’

अपने संसदीय क्षेत्र के सिकंदराबाद इलाके में शर्मा की विवादित टिप्पणी का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर चल रहा है जिसमें वह न सिर्फ गांधी परिवार के राजनेताओं बल्कि बसपा अध्यक्ष मायावती, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत क्षेत्रीय नेताओं की आलोचना करते हुए दिख रहे हैं।

भाजपा और राहुल गांधी के विरोधी अक्सर आम बोलचाल की भाषा में उनका मजाक “पप्पू” कहकर उड़ाते हैं।