शभर में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। संक्रमित लोगों की संख्या 169 हो गई है। इसमें तीन लोगों की मौत और 16 ठीक होकर घर जा चुके हैं। यानी अभी एक्टिव केस 150 हैं। कोरोना के मामले को देखते हुए केंद्र सरकार ने देशभर में सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। इनमें सीबीएसई-जेईई मेन्स समेत विद्यालय व विश्वविद्यालय स्तरीय और प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने 31 मार्च के बाद की नई तारीखें तय करने को कहा है। हालांकि आईसीएसई परीक्षाएं तय शिड्यूल पर होंगी। नोएडा के गौतमबुद्ध नगर समेत देश के कई शहरों में लोगों को इकट्ठा होने से रोकने के लिए धारा 144 लागू की गई है।
महाराष्ट्र में सम-विषम नियम लागू
महाराष्ट्र में दुकानों का सम-विषम लागू किया है, जहां एक दिन सम अंक की व दूसरे दिन विषम अंक वाली दुकानें खुलेंगी। हिमाचल में पर्यटकों का प्रवेश बंद किया जा रहा है। कर्नाटक ने 10 दिन और आंशिक बंदी की घोषणा की है।
पीएम मोदी आज देश को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश को संबोधित करने वाले हैं। पीएम मोदी कोरोना वायरस के कारण बने हालात और इससे निपटने के लिए उठाए गए कदमों, सरकार की तैयारियों को लेकर बात कर सकते हैं। पीएम मोदी का यह संबोधन आज रात 8 बजे होगा।
चंडीगढ़ में कोरोना का पहला पॉजिटिव केस
चंडीगढ़ में कोरोना वायरस का पहला पॉजिटिव केस मिला है। एक युवती में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। रविवार को ही युवती इंग्लैंड से आई थी। उसे जीएमसीएच-32 में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। युवती के पॉजिटिव पाए जाने के बाद देशभर में कोरोना मरीजों की संख्या 169 हो गई है।