कोरोना वायरस की महामारी से पूरे विश्व में मरने वालों की संख्या 14,000 के करीब पहुंच गई है। वहीं संक्रमित लोगों का आंकड़ा तीन लाख को पार कर गया है। इटली में रविवार को 651 लोगों की मौत हुई और यह आंकड़ा 5, 476 पर पहुंच गया। वहीं स्पेन में मरने वालों की संख्या 1700 को पार कर गई है। अकेले यूरोप में डेढ़ लाख लोग संक्रमित हैं। इटली में इनकी संख्या 59,000 से ज्यादा है। ईरान में मरने वालों की संख्या 1,685 हो गई है जबकि संक्रमित मरीज 21,638 हो गए हैं। दक्षिणपूर्व एशियाई देशों में अभी तक 3,460 लोग संक्रमित हुए हैं और 36 की जान गई है। इनमें से आधी मौतें इंडोनेशिया में हुई हैं।
कोरोना वायरस के खौफ के चलते दुनियाभर के 35 देशों में लॉकडाउन घोषित कर दिया गया। इसके चलते रविवार को एक अरब से अधिक लोग अपने घरों में ही कैद रहे। वायरस की महामारी से बचने के लिए अधिकतर देश यात्रा प्रतिबंधों और सीमाओं को सील करने जैसे कई सख्त उपाय कर रहे हैं। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने तो यहां तक संकेत दे दिया है कि आगे और कठिन समय आने वाला है।
रूस ने इटली भेजे विशेषज्ञ
कोरोना की मार से बेहाल इटली की मदद करने के लिए रूस ने अपने नौ सैन्य परिवहन विमानों में राहत की खेप भेज रहा है। इनमें ‘रूस की ओर से प्यार सहित’ वायरस विशेषज्ञ डॉक्टर और विभिन्न उपकरण भेजे गए हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इन सैन्य परिवहन विमानों से आठ मेडिकल ब्रिगेड और सौ अन्य कर्मी भेजे जा रहे हैं। इनमें ऐसे सैन्य चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल हैं जिन्हें महामारी से लड़ने का महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव है। ये विशेषज्ञ पूर्व में इबोला, अफ्रीकन स्वाइन फीवर और एंथ्रेक्स जैसे वायरसों से निपट चुके हैं। साथ ही ट्रकों पर स्थापित ऐसी इकाइयां भी भेजी जा रही हैं जो वाहनों, इमारतों और सार्वजनिक स्थलों को विसंक्रमित करने में सक्षम हैं।
इटली में कारखाने बंद
महामारी से सर्वाधिक प्रभावित इटली के प्रधानमंत्री ग्यूसेप कांते ने शनिवार को अपने टीवी संबोधन में सभी गैरजरूरी कल-कारखानों को बंद करने की घोषणा की। बता दें कि इटली कोरोनावायरस से सर्वाधिक प्रभावित है। वहां अभी तक 4800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका के एक तिहाई हिस्से न्यूयॉर्क, शिकागो और लॉस एंजिलिस जैसे प्रांतों में भी लॉकडाउन है। अमेरिका के अन्य प्रांतों द्वारा लॉकडाउन किए जाने की उम्मीद है। कोरोना वायरस की महामारी से पूरे विश्व में मरने वालों की संख्या 13444 हो गई है जबकि संक्रमित लोगों का आंकड़ा तीन लाख से ज्यादा हो गया है।