कोलकाता में योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभा रद्द, प्रशासन ने नहीं दी इजाजत!

,

   

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की रैली की अनुमति रद्द किए जाने के बाद अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभा की अनुमति को रद्द कर दिया गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, उन्होंने बताया कि आदित्यनाथ की आगामी 15 मई को दक्षिण पश्चिम कोलकाता में बेहाला इलाके में जेम्स लॉग सारानी में जनसभा करने की अनुमति को स्थानीय प्रशासन द्वारा वापस ले लिया गया है।

योगी आदित्यनाथ को इसी दिन उत्तर 24 परगना जिले के हावड़ा में एक और उत्तर कोलकाता के फूलबागान में एक रैली को संबोधित करना था। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र मजाक है।

अंतिम क्षणों में अमित शाह को जाधवपुर रैली के लिए दी गई अनुमति को रद्द कर दिया गया। एक बार फिर योगी आदित्यनाथ जी की दक्षिण कोलकाता की रैली को रद्द कर दिया गया है। जिलाधिकारी और सीईओ दोनों सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के एजेंट के तौर पर कार्य कर रहे हैं।’’

हालांकि, पश्चिम बंगाल में अपनी रैली को इजाजत नहीं मिलने के बाद अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा और कहा कि ”ममता दीदी कहती हैं कि बंगाल में जय श्रीराम नहीं बोल सकते।

मैं इस मंच से जय श्रीराम बोल रहा हूं और यहां से कोलकाता जाने वाला हूं। ममता दीदी हिम्मत हो तो गिरफ्तार कर लेना।” भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ममता बनर्जी को अपने भतीजे की हार का डर था इसलिए हमारी सभा को दी गई अनुमति रद्द कर दी गई।