अपने दूतावास में सात साल तक शरण देने के बाद आखिर इक्वाडोर ने जूलियन असांज को गिरफ्तार करवा दिया। क्या असांज इक्वाडोर के राष्ट्रपति के लिए बड़ा खतरा बन गए थे?
इक्वाडोर के राष्ट्रपति लेनिन मोरेनो की एक निजी तस्वीर। राष्ट्रपति बिस्तर पर लेटे हैं। सामने विलासिता से भरा भोजन रखा गया है। इक्वाडोर आर्थिक मुश्किलों से गुजर रहा है।
डी डब्ल्यू हिन्दी पर छपी खबर के अनुसार, राष्ट्रपति लेनिन मोरेनो सरकारी खर्च में कटौती कर रहे हैं। फिजूलखर्ची का हवाला देते हुए कई विभागों का पैसा काटा जा रहा है। ऐसे में राष्ट्रपति के विलासिता से भरे नाश्ते की तस्वीरें लीक और वायरल हुईं। ये किसने किया, इसका पुख्ता सबूत नहीं है। इक्वाडोर के राष्ट्रपति विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांज पर शक जता रहे हैं।
मार्च 2019 में INApapers.org नाम की एक वेबसाइट पर इक्वाडोर के राष्ट्रपति से जुड़ी और भी कई जानकारियां लीक हुईं। लीक डाटा में करीब 200 निजी ईमेल, टेक्स्ट मैसेज और डॉक्यूमेंट शामिल थे।
मोरेनो की परिवार समेत यूरोप यात्रा की तस्वीरें भी थीं। राष्ट्रपति मोरेनो को इससे खासी किरकिरी का सामना करना पड़ा। एक रेडियो इंटरव्यू में मोरेनो ने कहा, “मेरे बेडरूम की तस्वीरें, मैं क्या खाता हूं, मेरी पत्नी, मेरी बेटियां और दोस्त कैसे डांस करते हैं” ये सब लीक हुआ।
लीक के लिए असांज को जिम्मेदार ठहराते हुए मोरेनो ने कहा, “असांज झूठ नहीं बोल सकते हैं या निजी खातों या निजी फोनों को हैक नहीं कर सकते हैं।” विकीलीक्स ने इन आरोपों से इनकार किया है।
लेकिन मोरेनो नहीं माने. 11 अप्रैल 2019 को उन्होंने लंदन स्थिति इक्वाडोर के दूतावास के गेट लंदन की पुलिस के लिए खुलवा दिए। पुलिस दूतावास में दाखिल हुई और जूलियन असांज को घसीट कर बाहर ले गई। असांज को जून 2012 में इक्वाडोर ने अपने दूतावास में शरण दी थी, तब से विकीलीक्स के संस्थापक दूतावास में ही रह रहे थे।
इक्वाडोर के अधिकारियों का कहना है कि असांज ने शरण की शर्तों को तोड़ा. उन्होंने सिक्योरिटी कैमरे हैक किए, बिना इजाजत सुरक्षा संबंधी फाइलों तक पहुंच बनाई और प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी इंस्टॉल किए. डॉयचे वेले की आना मारिया रोउरा से बातचीत में ब्रिटेन में तैनात इक्वाडोर के राजदूत खामे मारशान ने कहा, “यह दूतावास का मुख्य कमरा है लेकिन यह मिस्टर असांज ने अकेले इस्तेमाल किया।
यहां वह अपने इलेक्ट्रॉनिक और कंप्यूटर इक्विपमेंट्स पर काम करते थे और अपने समर्थकों के संपर्क में रहते थे। वह दूसरे देशों के राजनीतिक हितों में आक्रामक रूप से दखल देने का निर्देश देते थे।
ऐसा उन्होंने अमेरिकी चुनाव में किया, स्पेन में कैटेलोनिया जैसे संवेदनशील मुद्दे पर किया और इक्वाडोर की घरेलू राजनीति में भी दखल दिया।