चुनाव में करारी हार के बाद दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको ने दिया इस्तीफा

   

दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस को एक और धक्का लगा है। दरअसल, दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि जब साल 2013 में शीला दीक्षित मुख्यमंत्री थी तब से कांग्रेस की स्थिति बिगड़ना शुरू हो गई थी। उस समय खड़ी हुई आम आदमी पार्टी को कांग्रेस का सारा वोट बैंक मिल गया। हम उस वोट बैंक को वापस कभी नहीं पा सके। वो आज भी आम आदमी पार्टी के साथ है।

गौरतलब है कि दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में आप ने 62 सीटों पर जीत हासिल की है। आम आदमी पार्टी की इस शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राकांपा नेता शरद पवार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और द्रमुक के एम के स्टालिन समेत अन्य नेताओं ने केजरीवाल को बधाई दी। आप ने 62 सीटों पर जीत हासिल की और उसकी वोट हिस्सेदारी 53.57 प्रतिशत रही। भाजपा ने आठ सीटों पर जीत हासिल की और उसे 38.51 प्रतिशत वोट मिले। कांग्रेस का खाता नहीं खुला और उसकी वोट हिस्सेदारी 4.26 प्रतिशत रही।

दिल्ली चुनाव 2020 में जीत हासिल कर दिल्ली की सत्ता में हैट्रिक लगाने वाले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। संबोधन के दौरान अरविंद केजरीवाल ने सबसे पहले दिल्ली वालों को आई लव यू बोलकर संबोधित किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने हनुमान जी को धन्यवाद दिया और खुद को दिल्ली का बेटा बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दिल्ली की जीत नहीं, बल्कि पूरे भारत की जीत है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हनुमान जी ने दिल्ली पर कृपा बरसाई है और उनके कृपा से ही अगले पांच साल सरकार चलाएंगे।