ट्रैवल डिमांड में सुधार, अनलॉक के बाद दिल्ली में हुई सबसे अधिक बुकिंग

   

नई दिल्ली, 30 दिसम्बर । आर्थिक गतिविधियों के दोबारा शुरू होने के बाद भारत में यात्रा और आतिथ्य उद्योग (ट्रैवल और होटल इंडस्ट्री) की मांग में सुधार हुआ है। बुधवार को जारी ओयो की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।

ओयो ने यह खुलासा ओयो ट्रैवलोपीडिया 2020 में किया है। ओयो के मुताबिक, इस साल 2020 में उसके पास सबसे अधिक बुकिंग भारत से आई हैं और भारत में यह बुकिंग सबसे अधिक दिल्ली से रही।

रिपोर्ट में कहा गया है, शहरों के अनलॉकिंग के साथ, दिसंबर 2020 उस महीने के रूप में उभरा, जो छुट्टियों के मौसम के आसपास सबसे अधिक मांग का गवाह बना।

सूचकांक (इंडेक्स) के मुताबिक, 2020 की शुरूआत बेहतरीन रही और जनवरी में लोगों ने सबसे ज्यादा यात्रा की। इसके अलावा अप्रैल में सबसे अधिक लोगों ने कैंसिलेशन किया। कैंसिलेशन की सबसे बड़ी वजह कोरोना महामारी के कारण देश भर में लगाया गया लॉकडाउन रहा। अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद दिसंबर में हॉलिडे सीजन के समय रिकॉर्ड डिमांड बढ़ी।

भारत में समुद्र किनारे बीच पर जाने के मामले में गोवा पसंदीदा स्थान बना रहा। इसके बाद कोच्चि, विजग और पुदुचेरी जाने वालों की संख्या अधिक रही।

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि चूंकि भारत ने अनलॉक करना शुरू कर दिया है, इसलिए जयपुर, उदयपुर और आगरा भारतीयों के लिए सबसे पसंदीदा ऐतिहासिक शहरों में हैं।

भारत और दक्षिण एशिया के लिए ओयो होटल्स एंड होम्स के सीईओ रोहित कपूर ने कहा, हम अपने सभी ग्राहकों को सुरक्षित ठहराव प्रदान करने की दिशा में काम करने के लिए पूरी तरह से प्रेरित हैं।

Disclaimer: This story is auto-generated from IANS service.