डोनाल्ड ट्रंप, भारत के पीएम मोदी का मजाक उड़ाना बंद करें: कांग्रेस

   

हैदराबाद: कांग्रेस पार्टी अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचाव में आ गई है। पार्टी ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पीएम मोदी का मजाक उड़ाए जाने पर उनका बचाव किया है।

कांग्रेस पार्टी ने अपने ब्यान में कहा कि, “ट्रंप, भारत के पीएम मोदी का मजाक उड़ाना बंद करें। भारत को अमेरिका के किसी भी उपदेश की जरूरत नहीं है।”

आपको बता दें कि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत द्वारा अफगानिस्तान में लाइब्रेरी फंड करने को लेकर पीएम मोदी पर तंज कसते हुए मोदी का मजाक उड़ाया था। अब कांग्रेस पार्टी ने पीएम मोदी के बचाव में ये प्रतिक्रिया दी है।

कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “प्रिय श्री ट्रंप, भारत के पीएम का मजाक उड़ाना बंद करें। भारत को अफगानिस्तान पर अमेरिका से उपदेशों की जरूरत नहीं है।”

उन्होंने आगे लिखा, “डॉ. मनमोहन सिंह के समय में भारत ने अफगान नेशनल असेंबली बनाने में मदद की थी। रणनीतिक आर्थिक भागीदारी को मानवता की जरूरत होती है। हम अपने अफगानी भाइयों और बहनों के साथ एक हैं।”