नई दिल्ली, 2 मई । रविवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के पिता का कोरोना से देहांत हो गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत कई नेताओं ने इस घटना पर अपना शोक जाहिर किया है।
इससे पहले शनिवार को आम आदमी पार्टी के दिल्ली से राज्यसभा सांसद नारायण दास गुप्ता की पत्नी का भी कोरोना संक्रमण से निधन हो गया था। एनडी गुप्ता और उनकी पत्नी दोनों कोरोना पॉजिटिव थे। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा था। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर भी दुख जताया है।
इससे पहले सत्येंद्र जैन स्वयं भी पिछले वर्ष कोरोना से संक्रमित हो हुए थे। उस दौरान सत्येंद्र जैन की स्वास्थ्य गंभीर हो गया था। स्वास्थ्य बिगड़ने के उपरांत सत्येंद्र जैन को दिल्ली के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्हें प्लाज्मा थेरेपी भी दी गई इसके बाद सत्येंद्र जैन स्वस्थ हो गए थे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वास्थ्य मंत्री के पिता की मृत्यु पर कहा कि स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने अपने पिता को खो दिया। उनके पिता कोरोना वायरस से संक्रमित थे। यह बेहद दुखद है। सत्येंद्र जैन दिल्ली के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना। ईश्वर सत्येंद्र जैन के पिता की आत्मा को शांति दे।
उपमुख्यमंत्री सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि मेरे करीबी दोस्त और मंत्रिमंडल के साथी सत्येंद्र जैन ने अपने पिता को खो दिया। ये हम सब के लिए बहुत दुखद समाचार है। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। सुनीता केजरीवाल ने पहले स्वयं को घर पर ही आइसोलेशन में रखा था। हालांकि स्वास्थ्य में गिरावट आने के बाद उन्हें साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं शुक्रवार को दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल कोरोना पॉजिटिव भी पाए गए हैं। उपराज्यपाल ने स्वयं अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी साझा की है। फिलहाल उपराज्यपाल का स्वास्थ सामान्य बना हुआ है। वह अपने सरकारी आवास पर सेल्फ आइसोलेशन में हैं।
Disclaimer: This story is auto-generated from IANS service.