लॉकडाउन के दौरान करीब दो महीने तक बंद रहने के बाद सोमवार से देश में शॉपिंग मॉल, धार्मिक स्थल, होटल और रेस्तरां आज खुल गए हैं। इन प्रार्थनास्थलों पर सरकार के मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के पालन पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। सरकार ने अनलॉक-1 के तहत देश भर में आठ जून से शॉपिंग मॉल्स, होटल, रेस्तरां एवं धार्मिक स्थलों को खोले जाने की इजाजत दी है। कंटेनमेंट जोन में इन सेवाओं एवं प्रार्थनास्थलों के खोलने पर अभी मनाही है। दिल्ली के कालकाजी और झंडेवालान मंदिर में लोग सुबह के वक्त दर्शन करने पहुंचे। कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच इन सब स्थलों के खुलने से नयी चुनौतियां सामने आ सकती हैं।
सोमवार सुबह लोग बेंगलुरु स्थित श्री डोड्डा गणपति मंदिर में पूजा अर्चना करते देखे गए। लोग यहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी करते नजर आए। संभल के चामुंडा देवी मंदिर में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचना शुरू हुए। दिल्ली स्थित श्री बंग्ला साहिब गुरुद्वारा में श्रद्धालु मत्था टेकने के लिए आए। झंडेवालान स्थित मंदिर में भी भक्तों की कतार देखने को मिली। चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर और कालका जी मंदिर में भी लोग पूजा के लिए जुटे।
वहीँ हैदराबाद की बात करें तो शहर में आठ हजार मस्जिदें हैं, लेकिन उन सभी में सबसे बड़ी, मक्का मस्जिद बंद रही। हालाँकि, शहर की अन्य मस्जिदों में लोगों को देखा गया है और प्रार्थना के समय वे सभी सामाजिक दूरी बनाए हुए थे।
शहर की केंद्रीय मस्जिदों में से एक, पब्लिक गार्डन में स्थित शाही मस्जिद भी बंद रहे। मस्जिद के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने मस्जिद को एक निवारक उपाय के रूप में नहीं खोला है।
मस्जिदों ने इबादत करने वालों से अपनी खुद की जनामाज़ को लाने के लिए कहा था। इसके अलावा, पैंसठ साल से ऊपर के व्यक्ति और बच्चों को कुछ मस्जिदों में प्रवेश करने के लिए रोक दिया गया है।
लखनऊ के ईदगाह मस्जिद में सोमवार सुबह लोगों ने नमाज अदा की। इदगाह के इमाम मौलाना खालिद राशिद ने कहा, ‘सभी जगहों पर धार्मिक स्थलों के खुलने से लोग काफी खुश हैं। यहां पांच लोगों के समूह ने लोगों ने नमाज अता की। मस्जिद में लोगों के दाखिल होने से पहले हमने उनकी स्क्रीनिंग की और उन्हें सेनिटाइजर उपलब्ध कराए।’
भारत लॉकडाउन से बाहर निकलने की तैयारी कर रहा है और एसओपी के साथ सभी गैर-कंटेनमेंट क्षेत्रों में प्रतिबंधित गतिविधियां बहाल करने के लिए तीन चरणों की योजना के तहत पहला दौर ‘अनलॉक-1′ के रूप में तब शुरू हुआ है, जब देश में रविवार को लगातार पांचवें दिन भी कोविड-19 के मामलों में 9,000 से अधिक की वृद्धि हुई और पहली बार मामलों की संख्या एक दिन में 10,000 के स्तर को पार कर गयी।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में रविवार को लगातार पांचवें दिन भी एक दिन में सर्वाधिक मामले सामने आने का सिलसिला जारी रहा। जहां, 9,971 नये मामले सामने आने से देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,46,628 पर पहुंच गई है, वहीं मृतक संख्या 6,929 हो गई है। भारत में शनिवार सुबह से लेकर पिछले 24 घंटे में 287 लोगों की मौत हुई है। राज्यों के आंकड़ों के अनुसार पहली बार एक दिन में संक्रमण के मामलों की संख्या 10,000 के पार चली गयी और 10,218 नये मरीज सामने आए हैं।