दोषियों को फांसी मिलने के बाद बोलीं निर्भया की मां, कहा- आज बेटी को मिला इंसाफ

   

नई दिल्ली : निर्भया के चारों दोषियों को तिहाड़ जेल में फांसी दे दी गई है। अपने सात साल लंबे संघर्ष के बाद मिली इस जीत पर निर्भया की मां आशा देवी ने खुशी जताई और आज का दिन उन्होंने बेटियों को समर्पित किया। निर्भया की मां ने सरकार और न्यायपालिका का धन्यवाद दिया।

आशा देवी ने कहा कि मुझे अपनी बेटी पर गर्व है, आज मैं उसके नाम से जानी जाती हूं। मैंने अपनी मां का फर्ज आज निभा दिया। उन्होंने कहा कि देर से ही सही हमें इंसाफ मिला है। न्याय व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बढ़ेगा।

निर्भया की मां ने कहा कि सात साल तीन महीने बाद आखिरकार निर्भया को इंसाफ मिला है। निर्भया की मां ने कहा पूरे देश और समाज को इंसाफ मिला। निर्भया को इंसाफ मिलता देखने के लिए आज पूरा देश जाग रहा है।”

अपने वकीलों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि इन्होंने जी जान से इंसाफ के लिए लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा, “देर से ही सही लेकिन इंसफा मिला। मैं निचली अदालत, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट सहित पूरे सिस्टम और मीडिया को धन्यवाद देती हूं।” उन्होंने सरकार का भी शुक्रिया अदा किया और दोषियों की दया याचिका को खारिज करने के लिए राष्ट्रपति का भी आभार जताया।