नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी ने कांग्रेस की चिंता बढ़ाई, यहां से चुनाव लड़ने की मांग की!

,

   

पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी पूर्व सीपीएस डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब और चंडीगढ़ की राजनीति में हलचल मचा दी है। उन्‍होंने लोकसभा चुनाव के लिए चंडीगढ़ से कांग्रेस टिकट मांगा है अौर इसके लिए आैपाचारिक तौर पर पार्टी को आवेदन भी दिया है।

इससे चंडीगढ़ से कांग्रेस टिकट के दावेदार दिग्‍गज नेताओं के हाेश उड़ गए हैं। यहां से पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल और मनीष तिवारी कांग्रेस टिकट के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।

डॉ; नवजोत कौर सिद्धू शुक्रवार शाम अचानक चंडीगढ़ कांग्रेस भवन पहुंची। यहां उन्होंने चंडीगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने को कांग्रेस टिकट के लिए चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्‍यक्ष प्रदीप छाबड़ा को लिखित में आवेदन दिया। मालूम हो कि वीरवार शाम को ही कांग्रेस पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी ने चंडीगढ़ से लोकसभा टिकट के लिए अकेले पवन बंसल का नाम हाईकमान को भेजने का प्रस्ताव पास किया था।

चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्‍यक्ष प्रदीप छाबड़ा को लिखित में आवेदन देतीं डॉ. नवजोत कौर सिद्धू। बताया जा रहा है कि डॉ. सिद्धू ने अकेले बंसल के नाम का प्रस्ताव पास करने पर आपत्ति भी दर्ज कराई है। सूत्रों का कहना है कि उन्होंने हाईकमान को भी इसकी शिकायत कर दी है। नवजोत कौर सिद्धू गणतंत्र दिवस से चंडीगढ़ में जनसंपर्क अभियान भी शुरू करने जा रही हैं।

बता दें कि डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पिछले दिनों अमृतसर में जागरण से खास बातचीत में चंडीगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने के संकेत दिए थे। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान के आदेश पर वह अमृतसर या चंडीगढ़ में से कहीं से भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं।

यह भी बताया जा रहा है कि पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू अपनी पत्‍नी डॉ. नवजोत कौर को कांग्रेस टिकट दिलाने के लिए दिल्‍ली में लॉबिंग कर रहे हैं।