नागरिकता कानून: बिहार में अबतक 500 पर FIR तो वहीँ बंगाल में 300 लोग गिरफ्तार

,

   

दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया में पुलिस कार्रवाई और विवादास्पद नागरिकता (संशोधन) कानून के खिलाफ सोमवार को देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए। प्रदर्शन का समर्थन नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी करते नजर आए। कहीं-कहीं ये प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, तो कहीं इसने हिंसक रूप ले लिया। वहीं, जामिया हिंसा में दो छात्र घायल हो गए हैं, जिसे पुलिस बता रही है कि गोली लगने से ऐसा हुआ है। हालांकि, पुलिस ने साफ तौर पर गोली चलने से इनकार कर दिया है। सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टर ने कहा कि मरीज के परीक्षण से पता चलता है कि वह गोली लगने से घायल हुआ है, वहीं पुलिस का कहना है कि हो सकता है आंसू गैस के गोले से वे घायल हुए हों। इस बीच पश्चिम बंगाल, दिल्ली से लेकर यूपी के अलीगढ़ और लखनऊ में भी नागरिकता संशोधन कानून के खिलफ प्रदर्शन देखने को मिले। उच्चतम न्यायालय ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान दंगे और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने को लेकर कड़ा संज्ञान लिया और कहा कि यह तत्काल रुकना चाहिए। आज सुप्रीम कोर्ट इस मामले की सुनवाई भी करेगा।

तो चलिए जानते हैं प्रदर्शन से जुड़े दस अपडेट्स…

1. जामिया के छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई और नागरिकता कानून के खिलाफ गुस्से का असर उत्तर प्रदेश से लेकर केरल और महाराष्ट्र से लेकर पश्चिम बंगाल तक में देखा गया। जामिया के छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष एकजुट हो गया। कांग्रेस के अलावा चार अन्य राजनीतिक दल के नेताओं ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर जामिया परिसर में रविवार शाम की घटनाओं की उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश से जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा, ”केंद्र सरकार एक ऐसा कानून लाकर देश में हिंसा के लिए पूरी तरह जिम्मेदार है जिसका देशभर में विरोध किया जा रहा है और सभी विपक्षी दल विरोध कर रहे हैं। अगर सरकार यह कानून नहीं लाती तो कोई हिंसा नहीं होती।

2. प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस ने इंडिया गेट पर शाम चार बजे से शाम छह बजे तक मूक प्रदर्शन भी किया। प्रियंका ने कहा, ”छात्रों पर हमला भारत की आत्मा पर वार है। वहीं उनकी मां और पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी ने एक बयान जारी कर भाजपा पर देश में अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक बयान में आरोप लगाया, ”भाजपा हिंसा और बंटवारे की जननी है।

3. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हिंसा रोकने, जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाने तथा सोशल मीडिया पर ऐसी फर्जी खबरों और अफवाहों के खिलाफ कार्रवाई को करने को कहा जिनसे हिंसा भड़क सकती है। संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं।

4. पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में बड़ी रैली निकाली और कहा कि संशेाधित कानून और एनआरसी को ”उनकी लाश पर से गुजर कर ही राज्य में लागू किया जा सकता है। इस बीच राज्य में नागरिकता (संशोधन) कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राजमार्ग और रेलमार्गों को बाधित किये जाने तथा आगजनी और लूटपाट की घटनाओं से यह पूरा विरोध उग्र स्वरूप धारण करता जा रहा है। पश्चिम बंगाल में अधिकारियों की चेतावनी एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अपील के बावजूद सोमवार को संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ सड़क और रेल नाकेबंदी जारी रही तथा हिंसक प्रदर्शन में कोई कमी नहीं आयी। राज्य में इस संबंध में 300 से अधिक लोग गिरफ्तार किये गये हैं। रेड रोड से लेकर रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक निवास जोरासंको ठाकुरबाड़ी तक विशाल रैली निकालने वाली बनर्जी ने प्रदर्शनकारियों से तोड़फोड़ एवं आगजनी नहीं करने का आह्वान किया एवं कहा कि इससे प्रदर्शन का उद्देश्य कमजोर होगा।

5. इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कानून को लेकर हो रहे हिंसक प्रदर्शन ”दुर्भाग्यपूर्ण और बेहद निराशाजनक हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, ” संशोधित नागरिकता कानून स्वीकार्यता, सौहार्द, करुणा और भाईचारे की भारत की सदियों पुरानी संस्कृति की व्याख्या करता है। हम निहित स्वार्थी समूहों को हमें बांटने और गड़बड़ी पैदा करने की इजाजत नहीं दे सकते। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हिंसा रोकने तथा जान-माल को किसी तरह का नुकसान होने से रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को कहा।

6. पूर्वोत्तर में कई स्थानों पर जनजीवन ठहर-सा गया है। पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के बीच ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। दिल्ली विश्वविद्यालय के कई छात्रों ने संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे जामिया मिल्लिया इस्लामिया और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ एकजुटता दर्शाने के लिए सोमवार को परीक्षाओं का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बावजूद कुछ छात्रों ने जामिया के गेट के बाहर कमीज उतारकर प्रदर्शन किया। छात्रों के समूह ने ‘इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए और मार्च निकाला। उन्होंने ”पुलिस की बर्बरता की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की। सैकड़ों और छात्र सड़कों पर उमड़ पड़े तथा कुछ छात्रों ने यातायात के सुचारू संचालन के लिए मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। इस बीच जामिया के कई छात्र अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए।

7. छात्र प्रदर्शनकारियों ने जामिया विश्वविद्यालय प्रशासन की अनुमति के बिना पुलिस के परिसर में घुसने के साथ जामिया के पुस्तकालय में आंसू गैस का इस्तेमाल करने की जांच कराने की भी मांग की। प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय ने पांच जनवरी तक अवकाश की घोषणा कर दी और छात्रों से हॉस्टल खाली करने के लिए कहा गया। जामिया के हिरासत में लिए गए 50 छात्रों को सोमवार तड़के रिहा कर दिया गया लेकिन परिसर में तनाव बना हुआ है।

8. जामिया की कुलपति नजमा अख्तर ने भी छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि पुलिस बिना अनुमति के परिसर में घुसी। उन्होंने कहा कि परिसर में पुलिस की मौजूदगी को विश्वविद्यालय बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

9. दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर आईआईटी कानुपर, आईआईटी मद्रास और आईआईटी मुंबई में भी प्रदर्शन हुए, जहां के छात्र प्राय: प्रदर्शनों से दूर रहते हैं। आईआईएम, अहमदाबाद, भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलूरू के छात्रों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इसके साथ ही मुंबई स्थित टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज में भी प्रदर्शन हुआ। आईआईएम, बेंगलूरू के छात्रों ने जामिया के छात्रों के खिलाफ हुई पुलिसिया कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है।

10. नागरिकता (संशोधन) कानून के खिलाफ यहां करगिल चौक के पास प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों द्वारा रविवार देर शाम की गई आगजनी के मामले में 35 नामजद, 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके अलावा छह आरोपियों को को गिरफ्तार भी किया गया है। गौरतलब है कि सोमवार को प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस चौकी और कई मोटरसाइकिल में आगजनी की थी तथा कई सरकारी एवं निजी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया था।