नागरिकता बिल पर पूर्वोत्तर में बवाल: डिब्रूगढ़ में RSS दफ्तर पर हमला, ट्रेन और फ्लाईट कैंसिल

,

   

नागरिकता बिल के खिलाफ पूर्वोत्तर राज्यों में बवाल जारी है। हिंसा, आगजनी और बवाल का सबसे ज्यादा असर असम में दिखाई दे रहा है। सिर्फ असम ही नहीं बल्कि अरुणाचल प्रदेश, मेघालय समेत अन्य राज्यों में भी विरोध तेज होता जा रहा है। असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, बीजेपी विधायक प्रशांत फूकान के घर या काफिले पर प्रदर्शनकारियों ने हमला किया है। हमले के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नागरिकता बिल के खिलाफ नारेबाजी भी की। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने डिब्रूगढ़ में आरएसएस दफ्तर पर हमला किया और वहां आग लगा दी।

आगजनी, हिंसा और प्रदर्शन

असम के छाबुआ, पानितोला रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने आगजनी की, इस दौरान वहां खड़े वाहनों पर भी तोड़फोड़ की गई। असम में राज्य की 20 बसों को भी नुकसान पहुंचाया गया। तिनसुकिया में चार दुकानों को आग लगा दी गई है। गुरुवार सुबह यहां पर एक शव भी बरामद किया गया है।

डिब्रूगढ़ में RSS कार्यालय फूंका

असम के डिब्रूगढ़ में प्रदर्शनकारियों ने बुधवार रात RSS कार्यालय को आग के हवाले कर दिया।

केंद्रीय मंत्री के घर पर हमला

असम के दुलियाजन में नागरिकता विधेयक का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली के घर का घेराव किया और हमला किया, जिसमें संपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है।

मुख्यमंत्री सोनोवाल के आवास के घेराव की कोशिश

वहीं प्रदर्शनकारी राज्य के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के आवास के घेराव की कोशिश कर रहे हैं। वहीं सेना और सुरक्षा बल के जवानों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रबर की गोलियों का प्रयोग किया है।

ट्रेन और फ्लाईट कैंसिल

पूर्वोत्तर में नागरिकता बिल के खिलाफ प्रदर्शन के बीच कई फ्लाइट पर असर पड़ा है। गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ जाने वाली उड़ानों को रद्द कर दिया है। इंडिगो ने गुवाहाटी, डिब्रूगढ़, जोरहाट की फ्लाइट रद्द कर दी हैं। डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पर अभी 5 जाने वाली और 7 आने वाली उड़ान रद्द हुई हैं। इंडिगो के अलावा स्पाइसजेट, विस्तारा की उड़ानें भी रद्द हुई हैं। वहीं नॉर्थ फ्रंटियर के चीफ पीआरओ ने बताया कि रेलवे गुवाहाटी से ऊपरी असम क्षेत्र की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। वहीं असम, त्रिपुरा जाने वाली सभी पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया गया है. अभी दिल्ली और कोलकाता से जाने वाली ट्रेन गुवाहाटी तक ही जा रही हैं, उसके आगे की सुविधा बंद कर दी गई है।

 

सचिवालय की घेराबंदी

असम में हजारों छात्रों और आम लोगों ने दिसपुर चलो मार्च निकाला और तीन घंटे से ज्यादा समय तक राज्य सचिवालय की घेराबंदी की। प्रदर्शनकारियों ने कई बार टायर और होर्डिंग्स जलाईं। इस दौरान सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए रबर की गोलियां चलाईं, पानी की बौछारें छोड़ी और आंसू गैस छोड़े। पुलिस ने विभिन्न छात्र संगठनों के कई नेताओं को गिरफ्तार भी किया गया है। अधिकारियों से पुष्टि नहीं हो सकी, लेकिन खबरें मिली हैं कि गुवाहाटी, डिब्रूगढ़ और जोरहाट जैसे स्थानों पर सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।

गुवाहाटी विश्वविद्यालय में परीक्षाएं स्थगित

राज्य में जारी विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए गुवाहाटी विश्वविद्यालय ने 16 दिसंबर तक प्रस्तावित परीक्षाओं को रद्द कर दिया है।