नई दिल्ली, 20 मार्च । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को पंजाब के मोगा में किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ यह महापंचायत मोंगा के बाघा पुराना स्थित अनाज मंडी में आयोजित की जाएगी।
इससे पहले, सीएम अरविंद केजरीवाल तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के समर्थन में उत्तर प्रदेश के मेरठ में किसान महापंचायत को संबोधित कर चुके हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल पंजाब में महापंचायत को संबोधित करने के बाद आगामी 4 अप्रैल को हरियाणा के जींद स्थित हुडा मैदान में होने वाली किसान महापंचायत को भी संबोधित करेंगे।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि, तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली बॉर्डर पर बैठे किसानों की मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ने काफी सेवा की है। किसानों की दैनिक जरूरों के मद्देनजर पानी, शौचालय और वाईफाई समेत अन्य सुविधाएं मुहैया कराई।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मुताबिक, अब तक कई निर्दोष किसान अपने प्राणों की आहुति तक दे चुके हैं। केंद्र सरकार तीनों कानूनों को किसानों से बिना सलाह किए संसद में लाई और असवैंधानिक तरीके से पास भी करा लिया। इसका विरोध करने पर केंद्र सरकार किसानों पर लाठियां बरसाती है और अब तक सैकड़ो किसानों पर झुठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि वह लगातार संसद से सड़क तक किसानों की आवाज उठाती आ रही है। पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पहले दिन से ही बॉर्डर पर बैठे किसानों की सेवा में लगा हुआ है।
Disclaimer: This story is auto-generated from IANS service.