पंजाब विधानसभा चुनाव में आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे भगवंत मान!

,

   

केजरीवाल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “पंजाब में संगरूर निर्वाचन क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के लोकसभा सांसद भगवंत मान आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।”

आप ने पिछले हफ्ते एक फोन नंबर जारी कर लोगों से पंजाब में पार्टी के लिए अपने पसंदीदा मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम बताने को कहा था। आप ने कहा है कि इस नंबर पर उसे करीब 22 लाख प्रतिक्रियाएं मिलीं।


मान को अपना “छोटा भाई” बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि कुल प्रतिक्रियाओं में से 93.3 प्रतिशत पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए भगवंत मान चाहते थे।

भगवंत मान इस समय पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट से सांसद हैं।

1973 में संगरूर के सतोज गांव में जन्मे मान ने अपने करियर की शुरुआत बतौर कॉमेडियन की थी. उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 2011 में पंजाब पीपुल्स पार्टी से की, जिसका नेतृत्व मनप्रीत सिंह बादल कर रहे हैं। 2012 में, उन्होंने लहरगागा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा लेकिन हार गए।

बाद में, वह 2014 में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए और संगरूर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। पंजाब की राजनीति में उनका महत्व तब बढ़ गया जब उन्होंने पंजाब के अनुभवी नेता सुखदेव सिंह ढींडसा को हराया, जो उस समय शिरोमणि अकाली दल (SAD) का हिस्सा थे।

मान 2014 से लगातार दो बार संगरूर की पंजाब लोकसभा सीट के लिए चुने गए हैं। सेलिब्रिटी से राजनेता बने मान ने टीवी शो ‘जुगनू मस्त मस्त’ में अपने व्यंग्य से लोकप्रियता हासिल की। उन्होंने कई अन्य कॉमेडी शो में भी अभिनय किया।

2017 के पंजाब विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने 117 सदस्यीय सदन में 77 सीटें जीतीं, जबकि शिरोमणि अकाली दल केवल 18 सीटें जीत सका। वहीं, आप 20 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

पंजाब में विधानसभा चुनाव 20 फरवरी को होंगे। मतगणना 10 मार्च को होगी।