पांचवें चरण में 51 सीटों पर मतदान जारी, ये दिग्गज हैं चुनाव मैदान में!

   

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में में उत्तर प्रदेश से 14, राजस्थान से 12, मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल की सात-सात, बिहार की पांच, झारखंड की चार और जम्मू कश्मीर की दो सीटें पर मतदान हो रहा है।

साल 2014 के चुनावों में इन 51 सीटों में से 39 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की थी। राजस्थान में 12, उत्तरप्रदेश की 14 सीटों में से 12, मध्य प्रदेश में पूरी सात, बिहार में पांच में से तीन, झारखंड में सभी चारों और जम्मू एवं कश्मीर की दो में से एक सीट पर बीजेपी को जीत मिली थी।

डी डब्ल्यू हिन्दी पर छपी खबर के अनुसार, कांग्रेस ने केवल अमेठी और रायबरेली में जीत का स्वाद चखा था. इस चरण में कई प्रमुख सीटों पर मुकाबला है। उत्तरप्रदेश में कांग्रेस का गढ़ रही अमेठी और रायबरेली सीटों पर कांग्रेस-भाजपा में टक्कर देखने को मिलेगी।

रायबरेली से संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी मैदान में हैं जिन्होंने 2004 में यह सीट जीती थी। उनका मुकाबला पूर्व कांग्रेसी नेता और अभी के भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह से है।

अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बीच रोचक मुकाबला है। इस चरण में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह (लखनऊ), जयंत सिन्हा (हजारीबाग) और राज्यवर्धन सिंह राठौर (जयपुर) चुनाव मैदान में हैं।

पांचवें चरण के मतदान में उत्तर प्रदेश में बहुत सी सीटें वही हैं, जहां 2014 में भाजपा ने जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार उन्हें समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजवादी पार्टी से कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है।

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। मतदान सुबह सात से शुरू हुआ और शाम छह बजे संपन्न होगा। इसी कड़ी में गृह मंत्री व लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने गोमतीनगर में स्कॉलर्स होम स्कूल में आज सोमवार सुबह 7.30 बजे वोट डाला।

मतदान केंद्र से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा, इस बार जीत का अंतर पहले से बेहतर रहेगा। सभी लोग मताधिकार का प्रयोग करें, यह लोकतंत्र के हित में है।