पाकिस्तान: हिन्दू समुदायों ने जमकर खेली होली

   

भारत भर में गुरुवार को धूम धाम से रंगों का त्यौहार होली मनाया गया। किन्तु भारत के साथ ही पाकिस्तान में भी होली की मस्ती देखने को मिली। पाकिस्तान के लाहौर में हिंदुओं ने हर्षोल्लास से होली का त्योहार मनाया।

लाहौर में होली के रंग यहां दिखाई दिए और लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। पारंपरिक तौर पर नाच-गाकर इस रंगों के त्योहार का उत्सव मनाया गया।

लाहौर से आई होली की तस्वीरों को देखकर यह कहना बेहद कठिन है कि, यह तस्वीर भारत के किसी शहर की नहीं बल्कि पाकिस्तान के किसी शहर की है।

महिलाओं ने भी रंग-बिरंगे कपड़ों में रंग-गुलाल के साथ नाचते गाते हुए होली का आनंद लिया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोग लाहौर के एक मंदिर में एकत्रित हुए और एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।

उल्लेखनीय है कि होली को बुराई पर अच्छाई के विजय के त्योहार के रूप में मनाया जाता है। पाकिस्तानी में रह रहे हिंदुओं ने भी बुराई पर अच्छाई के इस त्योहार को पूरे उत्साह-उमंग से मनाया।

न्यूज़ ट्रैक पर छपी खबर के अनुसार, पाकिस्तान में रह रहे हिंदुओं के साथ ही इस त्योहार में स्थानीय निवासियों ने भी भाग लिया। यहाँ के लोगों ने एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।