चंडीगढ़, 30 दिसंबर । सीमावर्ती राज्य में ड्रोन के जरिए हथियारों और ड्रग्स की तस्करी के बढ़ते मामलों के बीच पंजाब सरकार ने बुधवार को कहा कि उसने अपने पुलिस बल की आतंकवाद निरोधी क्षमता को बढ़ाने और एक विशेष उद्देश्य वाहन (स्पेशल पर्पज व्हीकल) स्थापित करने का फैसला किया है।
पंजाब ने सीमा पार आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए अपनी तकनीकी क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है।
यह मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की ओर से पुलिस विभाग के लिए स्वीकृत व्यापक पुनर्गठन परिवर्तनों का एक हिस्सा है। विशेष वाहन के साथ ही अग्रिम क्षेत्रों में विशेषज्ञों और सलाहकारों को भी नियुक्त किया जा सकता है।
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने कहा कि विशेष उद्देश्य वाहन वरिष्ठ पुलिस और सिविल अधिकारियों के एकीकृत संचार नेटवर्क की स्थापना पर काम करेगा और इसके साथ ही यह एक ऑनलाइन इंटेलिजेंस शेयरिंग प्लेटफॉर्म में भी विशेष भूमिका निभाएगा।
यह हथियार, हथियार लाइसेंस धारक, हथियार डीलर, वाहन और संदिग्धों के बारे में डेटाबेस के एक नेटवर्क के रूप में एक राज्य स्तरीय ग्रिड स्थापित करने पर भी काम करेगा।
राज्य में आतंकवाद को पुनर्जीवित करने के पाकिस्तानी मंसूबों के बीच यह कदम उठाया गया है।
इस वर्ष 28 दिसंबर तक पंजाब में 66 आतंकवादियों की गिरफ्तारी हुई और 12 आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ।
इसके अलावा इस वर्ष एक जनवरी से अभी तक सात ड्रोन पकड़े गए हैं, जबकि 21 हैंड ग्रेनेड, चार राइफल, 28 रिवॉल्वर और पिस्तौल भी बरामद की गई हैं।
Disclaimer: This story is auto-generated from IANS service.