पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की हालत स्थिर, एम्स में चल रही जांच

   

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की हालत स्थिर बनी हुई है और उनकी चिकित्सीय जांच की जा रही है। एम्म सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उनको बेचैनी महसूस होने के बाद रविवार रात एम्स में भर्ती कराया गया था। 87 वर्षीय सिंह को एम्स के कार्डियो-थोरैसिस (हृदय और सीने से संबंधित) वार्ड में निगरानी में रखा गया है।

एम्स सूत्रों ने सोमवार को बताया, ‘एक नई दवा लेने के बाद रिएक्शन (फैब्राइल रिएक्शन) होने के कारण उन्हें भर्ती कराया गया था ताकि वह चिकित्सकों की निगरानी में रह सकें और उनकी जांच हो सके। बुखार के अन्य कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और उनकी जरूरी देखभाल की जा रही है।’

सूत्रों के मुताबिक पूर्व प्रधानमंत्री की हालत स्थिर है और वह एम्स के कार्डियो-थोरैसिस सेंटर के चिकित्सकों की एक टीम की निगरानी में हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की। उन्होंने लिखा, ‘डॉ. मनमोहन सिंह जी के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हूं। उम्मीद करता हूं कि वे जल्द ठीक हो जाएंगे। पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री के लिए प्रार्थना कर रहा है।’

कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने ट्वीट कर लिखा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हूं। मैं एक अरब से अधिक भारतीयों के साथ उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं और उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’

वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने सिंह के जल्द ठीक होने की कामना की। उन्होंने लिखा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के दिल्ली के एम्स में भर्ती होने की खबरों से चिंतित हूं लेकिन यह जानकार राहत मिली कि वे आईसीयू में नहीं हैं और अच्छे हैं। उनके जल्द और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा, ‘डॉ. मनमोहन सिंह के अस्पताल में भर्ती होने के बारे में सुनकर दुख हुआ। मुझे उम्मीद है कि वे जल्द ठीक हो जाएंगे और जल्द ही अपने परिवार के साथ घर वापस आएंगे। संकट के इस समय में उनके बुद्धिमत्ता वाले परामर्श और मार्गदर्शन की बहुत आवश्यकता है।’

शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने भी सिंह के जल्द ठीक होकर घर जाने की कामना की। उन्होंने लिखा, ‘हम सभी डॉ. मनमोहन सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। उम्मीद है कि वे जल्द घर आ जाएंगे और अर्थव्यवस्था की रिकवरी करेंगे, जैसा कि हम सभी एक राष्ट्र के रूप में चाहते हैं।’ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता सुप्रिया सुले ने लिखा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के जल्द ठीक होने की कामना करती हूं।’