पूर्व बैंकर और आम आदमी पार्टी की नेता मीरा सान्याल का निधन

   

बैंकर से नेता बनीं मीरा सान्याल का शुक्रवार को बीमारी के चलते निधन हो गया। 57 साल की सान्याल ने रॉयल बैंक ऑफ स्कॉटलैंड के देश के मुख्य कार्यकारी का पद छोड़ने के बाद आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी और 2014 में लोकसभा चुनाव भी लड़ी थीं।

आप नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक ट्वीट में उनकी मृत्यु की पुष्टि करते हुए कहा कि देश ने एक तेज आर्थिक मस्तिष्क और एक कोमल आत्मा को खो दिया है।

राजनीति में आकर सबको चौंका देने वाली सान्याल के पास 30 साल की बैंकिंग का लंबा अनुभव था। कोच्चि में जन्मीं सान्याल ने एशिया के लिए एबीएन एमरो कॉर्पोरेट फाइनेंस के प्रमुख और मुख्य परिचालन अधिकारी के रूप में भी काम किया था।

उन्होंने मुंबई दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से 2014 का लोकसभा चुनाव लड़ा था। अपनी पहली चुनावी बाजी में वे असफल रही थीं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया कि सान्याल के निधन के बारे में सुनकर बेहद दुख हुआ। अफसोस के लिए कोई शब्द ही नहीं हैं।

साभार : हिंदुस्तान डॉट कॉम