प्रियंका गांधी की राजनीति में दस्तक पर बोले पीएम मोदी, कहा- कुछ लोगों के लिए परिवार ही पार्टी

   

नई दिल्ली : लोकसभा चुनावों के कुछ दिन पहले देश की राजनीति में प्रियंका गांधी की सक्रिय राजनीति में एंट्री पर पर तमाम सियासी हलकों में प्रतिक्रिया का बाजार गर्म हो गया है। कांग्रेस में महासचिव के पद पर प्रियंका गांधी की एंट्री पर इशारों-इशारों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुछ लोगों के लिए परिवार ही पार्टी है, जबकि हमारे यहां पार्टी ही परिवार है।

उन्होंने कहा कि देश के कुछ अन्य राजनीतिक दल कांग्रेस गोत्र के हैं. इसलिए जब हम कांग्रेस मुक्त देश की बात करते हैं, तब हमारा विरोध उसी संस्कृति से ही है। पीएम मोदी ने मेरा बूथ, सबसे मजबूत अभियान के तहत महाराष्ट्र के बारामती, गढ़चिरौली, हिंगोली, नांदेड़ और नंदुरबार के बूथ कार्यकर्ताओं संबोधित करते हुए कांग्रेस द्वारा एनसीपी प्रमुख शरद पवार का अपमान करने पर आलोचना की।

कांग्रेस में एक परिवार का विरोध अपराध है। पीएम मोदी ने कहा कि शरद पवार का एक ही दोष था कि वे कभी कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाहते थे। आज वही शरद पवार कांग्रेस से जुड़ गए हैं। अब उनकी बेटी सुप्रिया सुले इस सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं।

आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी को बुधवार को कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया। और उन्हें उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल की जिम्मेदारी सौंपी है। पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का क्षेत्र वाराणसी और गोरखपुर यूपी के इसी इलाके में हैं।

प्रियंका गांधी को पूर्वांचल की जिम्मेदारी देकर कांग्रेस ने तुरुप का इक्का चला है। लेकिन कांग्रेस के इस फैसले को लेकर तमाम राजनीतिक दलों की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया आई है। सबसे ज्यादा तीखी प्रतिक्रिया भाजपा की ओर से आई है।