प्रियंका गांधी बोलीं- सीएम चाहें तो भाजपा का बैनर लगा लें, लेकिन बस चलवा दें

   

गैर राज्यों से पलायन कर यूपी वापस लौट रहे प्रवासी श्रमिकों को लेकर भाजपा और कांग्रेस में घमासान जारी है। कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा पर घृणित राजनीति करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि बसों के नंबर सही न होने की बात फैलाने वालों के खिलाफ मानहानि की कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर सस्ती राजनीति करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने इस मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने अब हद कर दी है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, उप्र सरकार ने हद कर दी है। जब राजनीतिक परहेजों को परे करते हुए त्रस्त और असहाय प्रवासी भाई बहनों को मदद करने का मौका मिला तो दुनिया भर की बाधाएं सामने रख दिए।

प्रियंका गांधी ने कहा, योगी आदित्यनाथ जी इन बसों पर आप चाहें तो भाजपा का बैनर लगा दीजिए, अपने पोस्टर बेशक लगा दीजिए लेकिन हमारे सेवा भाव को मत ठुकराइए, क्योंकि इस राजनीतिक खिलवाड़ में तीन दिन व्यर्थ हो चुके हैं। और इन्हीं तीन दिनों में हमारे देशवासी सड़कों पर चलते हुए दम तोड़ रहे हैं।