बंगाली फिल्मों के सुपरस्टार और पूर्व सांसद तपस पॉल का हृदय गति रुकने से मुंबई में निधन

   

तृणमूल कांग्रेस के पूर्व सांसद तपस पॉल का 61 वर्ष की उम्र में हृदय गति रुकने के कारण मुंबई के एक निजी अस्पताल में मंगलवार तड़के निधन हो गया। तपस पॉल बंगाली फिल्मों के जाने माने अभिनेता थे।

परिवारिक सूत्रों ने बताया कि पॉल अपनी बेटी से मिलने मुंबई गए थे। कोलकाता लौटते समय मुम्बई हवाई अड्डे पर उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की जिसके बाद उन्हें जुहू के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह करीब चार बजे उनका निधन हो गया। उन्हें हृदय संबंधी बीमारियां थीं और पिछले दो साल से लगातार उनका इलाज चल रहा था।

पॉल कृष्णानगर से दो बार सांसद और अलीपुर से विधायक रह चुके हैं। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटी है। सीबीआई ने 2016 में रोज वैली चिटफंड मामले में उन्हें गिरफ्तार किया था और करीब 13 महीने बाद उन्हें जमानत मिली थी। इसके बाद से ही उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली थी।

29 सितंबर 1958 को जन्मे पॉल ने 22 साल की उम्र में अपने करियर की शुरुआत की और 1980 में अपनी पहली फिल्म दादर कीर्ति से लोकप्रियता हासिल की थी। बाद में, साहेब (1981), परबत प्रिया (1984), भालोबासा भालोबासा (1985), अनुरागर चोयान (1986), अमर बंधन (1986) सहित उनकी कई फिल्में लोकप्रिय हुईं। साहेब में उनकी भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। पाल ने बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने माधुरी दीक्षित के साथ ‘अबोध’ फिल्म में अभिनय किया था।