बड़ी खबर: इस पार्टी से हुई कांग्रेस की गठबंधन!

,

   

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और महान दल के बीच मंगलवार को फिर गठबंधन हो गया। महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने कांग्रेस राज्य मुख्यालय पर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात करके गठबंधन की पेशकश की, जिसे स्वीकार कर लिया गया। प्रियंका ने कहा कि वह मौर्य का स्वागत करती हैं और हम अगला लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे।

पंजाब केसरी पर छपी खबर के अनुसार, उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हमें लक्ष्य दिया है कि ऐसी राजनीति का निर्माण करें जिसमें सभी का प्रतिनिधित्व हो। यह गठबंधन उसी दिशा में किया गया प्रयास है। हम 2019 की लड़ाई जी जान से लड़ेंगे।

महान दल के अध्यक्ष मौर्य ने इस मौके पर कहा कि सिर्फ कांग्रेस ने ही दलितों और पिछड़ों के आरक्षण समेत तमाम हितों के बारे में सोचा और कार्य किया है। सिर्फ यही पार्टी सबको साथ लेकर चलने की सोच रखती है।

मौर्य ने कहा कि वर्ष 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में महान दल का कांग्रेस से गठबंधन रहा है। वर्तमान में पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर पिछड़ों और दलितों के आरक्षण को टुकड़ों में बांटकर सबको हिस्सा देगी।

उन्होंने कहा कि उनका कांग्रेस के साथ गठबंधन अब लम्बा चलेगा। महान दल ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन करके बदायूं, नगीना और एटा सीटों पर चुनाव लड़ा था, मगर तीनों ही जगह उसे हार का सामना करना पड़ा था। महान दल का पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्ग के मतदाताओं में असर माना जाता है।