बिहार : पेट्रोलियम पदार्थो के मूल्यवृद्घि के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

   

पटना, 11 जून । पेट्रोलियम पदार्थो में बेतहाशा मूल्यवृद्घि एवं बढ़ती महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के क्रम में बिहार में भी कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा के नेतृत्व में पटना जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में सदाकत आश्रम के पास अवस्थित पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया गया।

झा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा वैश्विक बाजार में कच्चे पेट्रो पदार्थो के मूल्य में कमी के बावजूद देश में पेट्रोलियम पदाथोर्ं के दाम में हो रही बेतहाशा वृद्घि केंद्र सरकार की गैर जिम्मेदार रवैये का परिणाम है, जिसका कांग्रेस पार्टी विरोध करती है।

उन्होंने कहा, आम लोगों की समस्याओं को समझते हुए और केंद्र की नकारा नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने देशव्यापी विरोध दर्ज कराया है। प्रति बैरल न्यूनतम कीमत रहने के बावजूद भी तेल की कीमतों में कमी नहीं की जाती है। कांग्रेस की मांग है कि पेट्रोल, डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाए।

प्रदेश मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि शुक्रवार को पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी द्वारा पेट्रोल पंप के समीप प्रदर्शन किया गया। केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण पूरे देश में मंहगाई बेलगाम हो गई है तथा पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सहित सभी आवश्यक वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्घि हो रही है।

इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, विधायक प्रेमचंद्र मिश्रा, राजेश राम, प्रतिमा कुमारी सहित कई कांग्रेसी उपस्थित रहे।

Disclaimer: This story is auto-generated from IANS service.